- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मकान का छज्जा गिरने से फैला करंट,...
Jabalpur News: मकान का छज्जा गिरने से फैला करंट, वृद्धा को रेस्क्यू कर निकाला

- तेज हवा से कई स्थानों पर गिरे पेड़, स्मार्ट सिटी ऑफिस के पास आवागमन हुआ प्रभावित
- नगर निगम फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुचंकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
Jabalpur News: बारिश के चलते हनुमानताल क्षेत्र में एक मकान का छज्जा और दीवार का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना में बिजली के पोल और तारों को भी नुकसान पहुंचा। बिजली का पोल गिरने और तारों के टूटने से क्षेत्र में करंट फैल गया। जिससे लोग दहशत में आ गए। नगर निगम फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घर में फंसी एक वृद्ध महिला को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। हनुमानताल निवासी राजकुमार दुबे ने बताया कि बड़े जैन मंदिर के पास उनकी नानी का पुराना मकान है।
मकान में उनकी वृद्ध मां शांति देवी और बहन पलक दुबे रहती हैं। बारिश के कारण मंगलवार की सुबह मकान का छज्जा और दीवार अचानक गिर गई। इस घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन छज्जा और दीवार गिरने से बिजली का पोल और तार टूटकर जमीन पर गिर गए। जिससे आसपास करंट फैल गया। छज्जा गिरने से उनकी वृद्ध मां शांति देवी अंदर फंस गईं।
नगर निगम फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुचंकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। क्षेत्रीय नागरिकों ने विद्युत विभाग को भी इस घटना की जानकारी दी। जिसके बाद विद्युत विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और सुधार कार्य किया।
क्षतिग्रस्त हुई बाउंड्रीवॉल
बीती रात हुई बारिश के बीच शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। नगर निगम उद्यान विभाग के मुताबिक सिविक सेंटर, हाथीताल, मानस भवन, शास्त्री ब्रिज के नीचे और महाराजपुर पुरानी बस्ती मुक्तिधाम के पास आम का पेड़ गिरने की शिकायत उद्यान विभाग में दर्ज कराई गई।
उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानस भवन स्मार्ट सिटी ऑफिस के पास यूकेलिप्टस का विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन बाधित हुआ। इसके साथ ही सिविक सेंटर नेहरू उद्यान में पेड़ गिरने से बाउंड्रीवाल को नुकसान पहुंचा।
कई क्षेत्रों में पानी भरा
बारिश से शहर के कई क्षेत्रों में सड़कों, गली और मोहल्लों में पानी भर गया। जलप्लावन के हालात बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक गंगा नगर गढ़ा, शांति नगर, प्रेम नगर, चेरीताल, विजय नगर, गंजीपुरा, कजरवारा, सिविक सेंटर और शहीद स्मारक सहित अलग-अलग क्षेत्रों में पानी भरने से नागरिकों को परेशानी हुई। बारिश थमने के बाद इन इलाकों में हालात सामान्य हुए।
Created On :   25 Jun 2025 5:38 PM IST