Jabalpur News: 10वीं और 12वीं की दूसरी परीक्षा 7 से, फाॅर्म भरने की डेट बढ़कर 4 हुई

कोई श्रेणी सुधारना चाहता है, तो कोई नम्बर बढ़ाना चाह रहा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कक्षा 10वीं और 12वीं की दूसरी परीक्षा 7 मई से आयोजित की जाएगी। भारी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन फाॅर्म भर रहे हैं। इसलिए इसकी तिथि दो बार बढ़ाई गई। पहले 22 अप्रैल तक फाॅर्म भरे जाने थे, फिर इसे 26 अप्रैल कर दिया गया था और अब तिथि को बढ़ाकर 4 मई कर दिया गया है। परीक्षाओं में शामिल होकर छात्र-छात्राएं अपनी श्रेणी और नम्बर बढ़वाना चाह रहे हैं।

सचिव माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी द्वितीय परीक्षा के लिए एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन भरने हेतु 26 अप्रैल तक की सुविधा प्रदान की गई थी। छात्रहित को दृष्टिगत रखते हुए ऑनलाइन आवेदन भरने हेतु अब 4 मई तक तिथि में वृद्धि की गई है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार हाईस्कूल द्वितीय परीक्षा 7 मई से 19 मई तक एवं हायर सेकण्डरी द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई तक सुबह 9 से 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी।

परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए छात्र स्वयं एमपी ऑनलाइन के कियोस्क पर अपनी मुख्य परीक्षा के परीक्षाफल के आधार पर द्वितीय परीक्षा के विषय, रोल नंबर की जानकारी देकर शुल्क का नकद भुगतान कर परीक्षा आवेदन पत्र भर सकेंगे, जो छात्र कियोस्क में आवेदन नहीं करना चाहते वे अपनी शिक्षण संस्था में नियमित छात्र जिसमें वे अध्ययनरत थे तथा स्वाध्यायी छात्र मुख्य परीक्षा हेतु उनके आवेदन पत्र अग्रेषण करने वाली संस्था में द्वितीय परीक्षा के आवेदन कर सकते हैं।

Created On :   2 May 2026 6:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story