Jabalpur News: रमनगरा में रात भर गुल रही बिजली आधे शहर में सुबह नहीं हुई जलापूर्ति

रमनगरा में रात भर गुल रही बिजली आधे शहर में सुबह नहीं हुई जलापूर्ति
पानी के लिए परेशान होते रहे लोग, कई क्षेत्रों में हुई टैंकर से पानी की सप्लाई, फिर भी संकट रहा बरकरार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रमनगरा जलशोधन संयंत्र में गुरुवार को रात भर बिजली गुल रही। इससे शुक्रवार सुबह आधे शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। भीषण गर्मी में जलापूर्ति ठप होने से लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। शाम को पानी की सप्लाई होने के बाद लोगों को राहत मिल पाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को अंधड़ चलने से रमनगरा जलशोधन संयंत्र की बिजली रात भर गुल रही।

इसके कारण आधे शहर में पानी की टंकियां नहीं भर पाईं। इससे शुक्रवार सुबह पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। नगर निगम की ओर से कुछ क्षेत्रों में टैंकर भेजे गए।

कई लोगों को पीने के लिए पानी खरीदने के लिए भी मजबूर होना पड़ा। जल विभाग के सहायक यंत्री राजेश खम्परिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह 5 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई और शुक्रवार शाम के समय पानी की सप्लाई की गई।

इन क्षेत्रों में नहीं आया पानी

शुक्रवार सुबह बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदीनगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर, राजीव नगर, गंगानगर, कोगवां, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रविन्द्र नगर, सुहागी, खैरी और देवताल क्षेत्र में पानी नहीं आया।

भोंगाद्वार में क्लियर वाॅटर टैंक की सफाई शुरू

भोंगाद्वार जलशोधन संयंत्र में शुक्रवार को क्लियर वाॅटर टैंक की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। सफाई का काम 3 मई तक चलेगा। इस दौरान यहां से बायपास लाइन के जरिए पानी की सप्लाई की जाएगी। इससे बिलहरी, कजरवारा, तिलहरी, भीटा और सिविल लाइन्स क्षेत्र में आंशिक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।

Created On :   2 May 2026 6:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story