Jabalpur News: सिलेंडर न मिलने पर छोटे दुकानदारों का सरेंडर मुनाफाखोरी ने और बढ़ाई बाजार की सरगर्मी

सिलेंडर न मिलने पर छोटे दुकानदारों का सरेंडर मुनाफाखोरी ने और बढ़ाई बाजार की सरगर्मी
प्रशासनिक अमला माेर्चे पर जुटा रहा, फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप, परेशानी बरकरार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते कमर्शियल गैस सिलेंडर की बिक्री पर लगे प्रतिबंध के कारण खान-पान का व्यवसाय करने वाले छोटे दुकानदारों ने सरेंडर करना शुरू कर दिया है। जिनके पास पुराने कमर्शियल सिलेंडर हैं, उनके पास भी एक-दो दिन की गैस ही मौजूद है, जिसके बाद वे भी दुकानें बंद करने की तैयारी कर रहे हैं।

रविवार को विजय नगर चौपाटी की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं, इसी तरह सिविक सेंटर चौपाटी की कुछ दुकानें बंद मिलीं और कुछ ने एक-दो दिन में काम समेटने की बात कही है। इधर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावासयिक उपयोग करने वालों के खिलाफ रविवार को खाद्य विभाग की टीमें कार्रवाइयों में जुटी रहीं।

स्टेशन में भी असर

रेलवे स्टेशन में भी गैस की किल्लत का असर दिखने लगा है। रेलवे रनिंग स्टाफ को खाना बनाने में पाबंदी लगा दी है और थाली वाला खाना दिया जा रहा है। इसी तरह खान-पान के स्टॉल संचालित करने वालों को भी गैस की बचत करने की सलाह दी जा रही है।

{गैस की किल्लत में कोई कमी नहीं आई है। दूसरी तरफ बाजार में मुनाफाखोरी भी तेज हो गई है।

{भट्टी में लगने वाली लकड़ी के गुुट्टे जो बीते सप्ताह तक 8 से 9 रुपए किलो मिलते थे, वो वर्तमान में 20 से 25 रुपए में बिक रहे हैं।

{दूसरी तरफ किसी अन्य कारणों से खाने का तेल, मसाले और दूसरी जरूरी चीजों के दाम भी तेज हो गए हैं जिससे दोहरी मार पड़ने लगी है।

{इंडक्शन और भट्टी जैसे गैस के वैकल्पिक साधानों का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों ने सामग्री के दाम बढ़ा दिए है।

सिंगल कनेक्शन वाले उपभोक्ता ज्यादा परेशान

घरेलू गैस उपयोग करने वाले ज्यादातर उपभोक्ता डबल सिलेंडर कनेक्शन लेते हैं लेकिन जो सिंगल सिलेंडर वाले उपभोक्ता हैं, वे इन दिनों ज्यादा परेशान हो रहे हैं। कई उपभोक्ता तो ऐसे हैं, जिनके घरों में होली पर्व के चलते ज्यादा गैस खपत हुई और जिसके कारण उनके पास रोजमर्रा के घरेलू कामकाज के लिए गैस नहीं बची, इसलिए गैस एजेन्सियों के बाहर ऐसे उपभोक्ताओं की कतारें ज्यादा लग रही हैं।

वहीं डबल कनेक्शनधारी आने वाले दिनों में परेशानी न उठानी पड़े इसलिए एजेन्सियों के बाहर कतारें लगाकर बुकिंग करने के साथ सिलेंडर पाने के लिए लाइन लगा रहे हैं।

दो कमर्शियल के साथ 11 घरेलू सिलेंडर जब्त

चौपाटी में सर्चिंग

रसोई गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर सख्ती से लगाम लगाने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं खाद्य विभाग की संयुक्त कार्यवाही रविवार को भी जारी रही। संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन के नेतृत्व में रविवार की शाम विजय नगर चौपाटी में की गई आकस्मिक निरीक्षण कार्यवाही में व्यावसायिक इस्तेमाल पाए जाने पर तीन घरेलू रसोई सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकांश दुकानें बंद मिली, चौपाटी के भीतरी हिस्से में चल रही कुछ दुकानों में सर्चिंग की गई।

रेस्टॉरेंट में मिले घरेलू सिलेंडर

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अधारताल नीतू बागरी के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में जय प्रकाशनगर अधारताल से हॉकर के निवास से दो कमर्शियल एवं एक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर तथा अधारताल में ही अग्रवाल स्वीट्स से एक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर जब्त किए। इसी तरह रानीताल में श्रीराम रेस्टाॅरेंट से तीन घरेलू सिलेंडर से व्यावसायिक उपयोग होना पाया जाने पर सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई में प्रभारी आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद मिश्र, नायब तहसीलदार राजेश मिश्रा, राजधर साकेत एवं गुंजन सिंह शामिल थे।

घरेलू गैस से ढाबे का चूल्हा जलता मिला

गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक ढाबा में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किए जाने के मामले में ढाबा संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस टीम द्वारा रविवार को अमखेरा रोड स्थित जनता ढाबा की जांच की गई। जांच के दौरान ढाबे में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग होना पाया गया। जांच टीम ने मौके से गैस सिलेंडर व चूल्हा जब्त किया एवं ढाबा संचालक अंसार नगर निवासी मो. जावेद अंसारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

Created On :   16 March 2026 6:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story