Jabalpur News: दो दिन लगातार छुट्टियों ने बढ़ाई पेट्रोल की किल्लत

दो दिन लगातार छुट्टियों ने बढ़ाई पेट्रोल की किल्लत
शाम के बाद शुरू हो सकी सप्लाई, दहशत में हर पेट्रोल पंप में लग गईं लंबी लाइनें, जनता हुई परेशान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में एलपीजी की किल्लत के बाद पेट्रोल की कमी की स्थिति को भांपते हुए सोमवार को अधिकांश पेट्रोल पंपों में लंबी-लंबी लाइनें देखी गईं। जैसे ही यह बात लोगों तक पहुंची, तो शहर के कई पेट्रोप पंप बंद हो गए। वहीं लोगों में पेट्रोल भरवाने को लेकर मारामारी भी देखी गई। हालांकि यह हकीकत भी है कि सोमवार को सुबह से शहर के आधा दर्जन पेट्रोल पंप बंद रहे, जो खुले रहे तो उनमें भारी भीड़ रही।

इसका कारण पिछले दो दिन से पंपों में पेट्रोल की सप्लाई नहीं होना बताया जा रहा है। बताया जाता है कि शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण डिपो से शहर के पंपों में पेट्रोल की सप्लाई नहीं हो पाई, जिससे अधिकांश पंपों में पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद जिन पंपों में पेट्राेल था तो उनमें पेट्रोल भरवाने वालों की भीड़ लग गई।

जानकारों के अनुसार नगर निगम सीमा में करीब सौ पेट्रोल पंप हैं। शनिवार-रविवार अवकाश होने के कारण ऑयल कंपनियों के डिपो से शहर के पंपों में पेट्रोल की सप्लाई नहीं हो सकी, जिसके चलते जिन पंपों में जितना भी स्टॉक था, उसे सोमवार की सुबह तक विक्रय कर दिया गया, मगर जैसे ही पंपों में पेट्रोल खत्म हुआ तो लोगों को पेट्रोल मिलना बंद हो गया। इस दौरान पंप संचालक लगातार डिपो में संपर्क करते रहे।

हल्ला मचते ही लगने लगी भीड़

इस दौरान लोगों के बीच यह हल्ला मच गया कि युद्ध के चलते एलपीजी के बाद अब पेट्रोल की किल्लत भी शुरू हो गई है और कई पेट्रोल पंप तो बंद हो गए हैं। इस शोर के चलते जो पेट्रोल पंप चालू थे उनमें भीड़ लगने लगी। हालात ये रहे कि जिन गाड़ियों में पहले से पेट्रोल भरा था वे भी वाहनों की टंकी फुल कराने लगे, जिससे कई पेट्रोल पंपों में लंबी लाइनें लग गईं।

पेमेंट के कारण भी समस्या हुई पैदा

पेट्रोल पंपों से जुड़े लोगों ने बताया कि दाे दिन में पेट्रोल की सप्लाई न होने का दूसरा कारण ऑयल कंपनियों को समय पर पेमेंट भी न होना रहा है। इन लोगों ने बताया कि पहले यह सिस्टम था कि सुबह पेट्रोल की डिलीवरी होने के बाद शाम तक उसका भुगतान कर दिया जाता था, मगर दो दिन अवकाश के चलते बैंक बंद रहे, जिससे ऑयल कंपनियों को पेमेंट नहीं हो पाई, इससे भी सप्लाई पर असर पड़ा।

अब एडवांस की आएगी दिक्कत

पेट्रोल पंप एसोसिएशन से जुड़े असगर अली ने बताया कि आने वाले समय में एडवांस पेमेंट सिस्टम से दिक्कत आ सकती है। आईओसी को छोड़कर हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कंपनियों ने अब एडवांस पेमेंट सिस्टम कर दिया है।

यानी पेमेंट करने के बाद ही पंपों में पेट्रोल पहुंचेगा। वहीं जबलपुर पेट्रोल-डीजल डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मेहता का कहना है कि एक कंपनी विशेष के यहां ही पेट्रोल की कमी हुई है। लेकिन शेष कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन है।

Created On :   24 March 2026 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story