Jabalpur News: सिंचाई विभाग की खंडहर इमारत की दीवार गिरी, दबने से श्रमिक की मौत

सिंचाई विभाग की खंडहर इमारत की दीवार गिरी, दबने से श्रमिक की मौत
बरगी क्षेत्र में हुआ हादसा, ग्रामीणों व परिजनों ने किया प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी बांध के सिंचाई विभाग की खंडहर हो चुकी इमारत की दीवार गिरने से एक श्रमिक की दबने से मौत हाे गई। हादसा उस वक्त हुआ जब खंडहर पड़ी इमारत से श्रमिक ईंट निकाल रहा था। हादसे में मजदूर की मौत होने से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर बरगी नगर चौकी पहुंचे और वहां नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

हंगामा होता देख बरगी पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस के अनुसार बरगी के ग्राम मनकेड़ी निवासी धनीराम झारिया उम्र 50 वर्ष और उसका रिश्तेदार छोटेलाल झारिया रविवार की सुबह ट्रैक्टर लेकर बरगी सिंचाई विभाग की खंडहर हो चुकी इमारत के पास पहुंचे थे।

दोनों वहां से ईंट उठाकर ट्रैक्टर में लोड कर रहे थे, तभी खंडहर इमारत की एक दीवार भरभराकर ढह गई और धनीराम मलबे में दब गया था। दीवार के मलबे में धनीराम को दबा देख उसके रिश्तेदार छोटेलाल ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया और किसी तरह मलबे से धनीराम को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में चौकी प्रभारी सरिता पटेल ने बताया कि सिंचाई विभाग की खंडहर इमारत की दीवार गिर गई थी। इसमें दबकर एक मजदूर की मौत हो गई है। इस मामले में घटनास्थल पर मौजूद दूसरे श्रमिक छोटेलाल के बयान दर्ज किए गये हैं, वहीं हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है।

किसने भेजा था ईंट निकालने

पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी छोटेलाल झारिया से पूछा कि उसे किसने ईंट निकालने के लिए भेजा था। उसने बताया कि सिंचाई विभाग में कार्यरत नरहर पटेल के कहने पर और उसके द्वारा दिए गये ट्रैक्टर को लेकर वे ईंट निकालने पहुंचे थे और ईंट निकालते समय हादसा होने से धनीराम की मौत हुई है।

Created On :   23 March 2026 5:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story