- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्टेशन में एक करोड़ का ठेका फिर भी...
Jabalpur News: स्टेशन में एक करोड़ का ठेका फिर भी नहीं भर रहे सड़क के गड्ढे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर 1 की तरफ जाने वाला मार्ग इस समय दुर्दशा का शिकार है। गड्ढों में हिचकोले खाते हुए यात्री स्टेशन पहुंच रहे हैं। स्टेशन जाने के लिए वैसे तो पहले चार मार्ग थे लेकिन अब यह सिर्फ एक मार्ग बचा है। दो मार्गों को रेलवे ने पहले ही बंद कर दिया है, वहीं सर्किट हाउस नंबर 2 के सामने से सिर्फ एंट्री दी जाती है और दूसरे मार्ग से निकासी रखी गई है।
रेलवे ने इस मार्ग पर ही वाहन स्टैण्ड वाले को ठेका दे रखा है। यह ठेका एक करोड़ रुपए का है, रेलवे के पास इतने पैसे आ रहे हैं इसके बाद भी सड़क को सुधारा नहीं जा रहा है। कई जगह से सड़क से डामर की पूरी परत ही गायब हो गई है तो कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं। स्टेशन पहुंचने वाले कई यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की लेकिन फिर इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया।
सिर्फ फायदा देख रहा रेलवे
स्टेशन के 1 नंबर प्लेटफाॅर्म की तरफ जहां सड़क खराब है वहां वाहन स्टैण्ड वाले ने बैरियर लगा दिया है। सड़क में गड्ढे होने के कारण वाहनों की रफ्तार वैसे ही यहां कम हो जाती है। यही कारण है कि रेलवे को सिर्फ फायदा और कमाई दिख रही है। यात्रियों और आमजनों को सड़क के कारण हो रही परेशानी दिखाई नहीं दे रही है।
दूसरी तरफ भी मुसीबत
मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचने का दूसरा मार्ग प्लेटफाॅर्म नंबर 6 की तरफ से है। हालांकि यहां से भी वाहन निकाल पाना आसान नहीं है। मालगोदाम चौराहे से स्टेशन तक ठेले-टपरे वालों का कब्जा है। फुटपाथ के साथ ही सड़क पर ये डेरा जमाए रहते हैं जिसके कारण यहां से वाहन निकाल पाना किसी परीक्षा से कम नहीं है।
अगर यात्री की ट्रेन स्टेशन में खड़ी है और उसे जल्दी जाना है तो स्टेशन के दोनों तरफ के मार्ग ऐसे हैं कि उसकी ट्रेन छूट जाएगी लेकिन वह पहुंच नहीं पाएगा। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि जो भी समस्याएं हैं उनका निराकरण जल्द किया जाएगा।
Created On :   23 March 2026 5:24 PM IST












