- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- चेरीताल तालाब के चारों ओर हो गए हैं...
Jabalpur News: चेरीताल तालाब के चारों ओर हो गए हैं अतिक्रमण, मिल रहा नालियों का पानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के मध्य में स्थित चेरीताल का अस्तित्व समाप्त होने के कगार पर पहुंच गया है। यहां पर चारों तरफ अतिक्रमण हो गए हैं। चेरीताल में नालियों का गंदा मिल रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि राज्य शासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान के तहत चेरीताल का भी संरक्षण और संवर्धन करना चाहिए। इसके साथ ही चेरीताल के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई जाना चाहिए।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि वीरांगना रानी दुर्गावती की परिचारिका रामचेरी के नाम से लगभग 10 एकड़ के चेरीताल का निर्माण कराया गया था। इससे पूरे क्षेत्र में भू-जल स्तर काफी अच्छा था। यहां पर 10 से 15 फीट में पानी मिल जाया करता था। प्रशासनिक अनदेखी की वजह से धीरे-धीरे चेरीताल में अतिक्रमण होते गए। अब चेरीताल केवल डेढ़ एकड़ का बचा है। इस पर भी भू-माफिया की नजर है। इसके बाद भी नगर निगम और जिला प्रशासन चेरीताल के संरक्षण और संवर्धन पर ध्यान नहीं दे रहा है। यही हालात रहे तो चेरीताल का अस्तित्व ही मिट जाएगा।
चेरीताल में मिल रहा कई क्षेत्रों का गंदा पानी
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि भैंसासुर गली, खेरमाई बस्ती के पीछे का क्षेत्र, राजीव नगर, शीतलपुरी और गुजराती कॉलोनी की नालियों का पानी चेरीताल में आकर मिल रहा है। इससे बड़े पैमाने में चेरीताल में गंदा पानी एकत्रित हो गया है। इसके कारण भू-जल भी प्रदूषित हो रहा है। इससे बारिश के समय जलभराव हो रहा है।
नगर निगम सदन में उठ चुका है मामला
क्षेत्रीय पार्षद प्रतिभा भापकर का कहना है कि चेरीताल के संरक्षण और संवर्धन के लिए नगर निगम सदन में भी आवाज उठाई जा चुकी है। उनका कहना है कि चेरीताल के संरक्षण के साथ यहां पर सौंदर्यीकरण का काम कराना चाहिए, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को घूमने के लिए अच्छा स्थान मिल सके। चेरीताल का संरक्षण होने से यहां का भू-जल स्तर भी बढ़ेगा।
बायपास नाला बनाकर निकाला जा सकता है गंदा पानी
चेरीताल को बचाने के लिए यहां पर बायपास नाला बनाने की मांग की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि बायपास नाले के जरिए चेरीताल में नालियों के गंदे पानी को मिलने से रोका जा सकता है। इसके लिए नगर निगम को कई बार पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चेरीताल का निरीक्षण कर लिया है। मशीनों के जरिए चेरीताल की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही साफ-सफाई का काम शुरू कराया जाएगा।
अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
Created On :   23 March 2026 5:38 PM IST












