Jabalpur News: काम के दबाव में व्हीकल फैक्ट्री के अंदर चार्जमैन ने लगाई फांसी

काम के दबाव में व्हीकल फैक्ट्री के अंदर चार्जमैन ने लगाई फांसी
रांझी क्षेत्र का मामला, सुसाइड नोट मिला, जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित सैन्य व्हीकल बनाने वाली फैक्ट्री व्हीएफजे में रविवार को चार्जमैन ने फैक्ट्री के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर शाम सहकर्मियों ने चार्जमैन को मृत अवस्था में फंदे पर लटका देखा और फैक्ट्री प्रबंधन व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया और जांच के दौरान एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें काम के दबाव में आत्महत्या किए जाने का जिक्र है। मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार कंचनपुर निवासी सैमसन मार्टिन उम्र 57 वर्ष व्हीएफजे के सिविल मेंटेनेंस विभाग में चार्जमैन के पद पर कार्यरत थे। रोजाना की तरह रविवार को वह ऑफिस पहुंचे और अपने कैबिन में चले गये।

उसके बाद शाम 5 बजे तक कैबिन से बाहर नहीं निकलने पर सहकर्मियों ने जाकर देखा तो कैबिन अंदर से बंद था, उसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो सैमसन फंदे पर झूलता नजर आया। इसकी सूचना सहकर्मियों द्वारा तत्काल अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों की सूचना पर पहुंची रांझी पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पीएम के लिए भेज जांच पड़ताल शुरू की।

सुसाइड नोट बरामद

टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में काम का दबाव और मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या करना बताया गया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि काम और वर्क ऑर्डर को पूरा करने में असमर्थ महसूस कर रहे थे जिसके कारण काफी समय से तनाव में थे।

साथ ही यह भी लिखा है कि इसके लिए किसी को दोष नहीं दे रहा हूं। वर्क ऑर्डर का काम नहीं कर पा रहा हूं जिसके चलते इतना परेशान हूं कि खाना भी नहीं खा पा रहा हूं, इसी तनाव के चलते सुसाइड कर रहा हूं। सुसाइड नोट काे जब्त कर जांच में लिया गया है।

कर्मियों ने जताया आक्रोश

फैक्ट्री के अंदर हुई घटना को लेकर साथी कर्मचारियों ने आक्रोश जताया है। घटना की जानकारी लगने पर बड़ी संख्या में कर्मचारी थाने पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वार कर्मचारियों से चर्चा कर मामले की बारीकी से जांच करने का आश्वासन दिया गया।

Created On :   23 March 2026 5:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story