जबलपुर न्यूज: सघन इलाके में बनी गोदाम लगी भीषण आग, लपटों से फैली दहशत
डिजिटल डेस्क जबलपुर।
दीपावली की रात शहर में डेढ़ दर्जन से अधिक अग्नि हादसे हुए। इनमें तुलाराम चौक के समीप अंधेरदेव स्थित बहुमंजिला इमारत में स्थित गोदाम के ऊपरी हिस्से में बने गोदाम में लगी आग सबसे भीषण रही। दमकल विभाग के अनुसार गोदाम में जरी-गोटा और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। यहां आग रविवार को देर रात करीब 3 बजे लगी, इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। हादसे से क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
बताया गया है कि आग दुकान के ऊपरी हिस्से में लगी। जिसमें जरी और गोटे के साथ प्लास्टिक की सामग्री मौजूद थी। दुकान के ऊपरी हिस्से से अचानक आग की लपटें उठने से आसपास रहने वाले लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने दुकान और गोदाम मालिक को जानकारी दी। इस बीच फायर िबग्रेड और पुलिस को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारी तत्काल दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग से गोदाम में रखा लाखों का सामान जल गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। इसी तरह शहर के अलग अलग इलाकों में साइकिल दुकान, मकान, गोदाम, कारों और कुछ स्थानों पर कचरे में आग लगने की घटना भी सामने आई है। इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई है।
Created On :  
