MP News: दिवाली की खुशियों के बीच MP में अग्निकांड, 12 की मौत, भोपाल में 25 हादसे, जबलपुर समेत कई शहरों में आग से मची तबाही

दिवाली की खुशियों के बीच MP में अग्निकांड, 12 की मौत, भोपाल में 25 हादसे, जबलपुर समेत कई शहरों में आग से मची तबाही
दीपावली की रात मध्य प्रदेश में कई जगह आग लगने से हड़कंप मच गया। सिवनी-कटनी में 12 लोगों की मौत हुई, जबकि भोपाल, जबलपुर और सिंगरौली में भारी नुकसान हुआ है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दीपावली पर मध्य प्रदेश में जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं कई जगह आग ने त्योहार का रंग फीका कर दिया। प्रदेश में हुए अलग-अलग अग्निकांड में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सिवनी के छपारा में एक मकान में आग लगने से 6 लोग जिंदा जल गए, जबकि कटनी के बरही में तीन मंजिला इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई। बस इतना ही नहीं, बल्कि राजधानी भोपाल में भी दीपावली की रात करीब 25 जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा जबलपुर से भी अग्नि हादसों की जानकारी सामने आई हैं।

जबलपुर: सिविल लाइन में कार में आग

सिविल लाइन क्षेत्र में थाने के पीछे सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग सहम गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया, लेकिन आग से कार पूरी तरह जल गई।

जबलपुर: मकान में लगी भीषण आग

अमखेरा कुदवारी में देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। आग से उठ रही ऊंची लपटों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।

जबलपुर: साइकिल दुकान में लगी आग

इसी तरह अमखेरा के सुशीला परिसर स्थित एक साइकिल दुकान में देर रात आग लग गई। इस अग्नि हादसे में करीब एक दर्जन से ज्यादा साइकिलें और अन्य सामान जल गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

जबलपुर: टाल में आग लगने से फैली दहशत

गंगासागर क्षेत्र में लकड़ी के टाल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और आग को कंट्रोल कर लिया जिससे बड़ी घटना टल गई।

जबलपुर: घर की छत और कचरे के ढेर में भी लगी आग

दमोहनाका के पास एक घर की छत पर आग लग गई। छत पर कुछ टायर रखे थे, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग को बुझाया। इसके अलावा कई क्षेत्रों में कचरे में आग लगने की घटनाएं भी घटित हुई।

जबलपुर: री-गोटे की दुकान में लगी आग

लार्डगंज थाना अंतर्गत देर रात जरी-गोटे की एक दुकान में करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा प्लास्टिक, जरी, गोटे और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकान संचालक विनोद कुमार ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने 3 दमकल वाहनों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण पता नहीं चला है।

जबलपुर: लार्डगंज थाना क्षेत्र की दुकान में आग

लार्डगंज थाना अंतर्गत देर रात जरी-गोटे की एक दुकान में करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा प्लास्टिक, जरी, गोटे और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकान संचालक विनोद कुमार ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने 3 दमकल वाहनों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण पता नहीं चला है।

भोपाल में 25 दुर्घटनाएं

दीपावली की रात घोड़ा नक्कास इलाके में एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घर के अंदर फंसी एक महिला को दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई की,समय रहते महिला को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आगजनी की बड़ी घटना गांधीनगर की ग्रीन-वे कॉलोनी स्थित एक मल्टी के फर्स्ट फ्लोर पर बने फ्लैट में हुई।

दीपक से पर्दे में आग लगने के बाद हादसा

दीपावली पर फ्लैट में दीपक जलाए गए थे, घर के बाहर नीचे रखे दीपक से पर्दे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया । नगर निगम की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर पंकज यादव ने अपनी टीम के साथ कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फ्लैट में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर, कपड़े, रसोई का सामान जलकर खाक हो चुका था । घर में नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी आग की भेंट चढ़ गए. हादसे के वक्त परिवार घर पर मौजूद नहीं था. परिवार लक्ष्मी पूजन करने के बाद रिश्तेदारों से मिलने गया था। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के दौरान करीब 25 लख रुपए का सामान जलने का अनुमान है।

राजधानी भोपाल के इन इलाकों में लगी आग

दीपावली की रात शहर के अलग-अलग हिस्सों से आग लगने की सूचनाएं मिलीं. इनमें प्रमुख रूप से जुमेराती, कुंदन नमकीन, लाल मस्जिद, सेकंड नंबर बस स्टॉप, मामा होटल के पास, धर्म कांटा, कबाड़खाना, कटारा हिल्स, नीलबढ़ , डीपीएस स्कूल के पास, गांधीनगर, लेक व्यू और होली फैमिली स्कूल के पीछे के इलाके शामिल हैं। सभी स्थानों पर आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमों को रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की। फायर अधिकारी शक्ति तिवारी के अनुसार दीपावली की रात शहर के अलग-अलग इलाकों से आग लगने की सूचनाएं प्राप्त हुईं। सभी जगहों पर टीमों ने समय रहते आग पर काबू पाया । घोड़ा नक्कास में आग के दौरान एक महिला को घर से सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया।

सिंगरौली में भीषण अग्निकांड, इलेक्ट्रॉनिक दुकान का लाखों का सामान जलकर राख

दीपावली के दिन जहां लोग घरों और प्रतिष्ठानों में खुशियां मना रहे थे, वहीं जिला मुख्यालय बैढ़न से लगे नौगढ़-परसौना क्षेत्र में आग ने एक दुकानदार की खुशियों पर पानी फेर दिया। मुख्य सड़क किनारे स्थित सत्यम शिवम इलेक्ट्रॉनिक मशीनरी नामक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा, घटना रविवार की देर रात करीब 12 बजे लगी।


प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में दुकान के भीतर तेजी से फैल गईं। धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग आग बुझाने के लिए दौड़े और अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की।

सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन बताया जा रहा है कि उसके पहुंचने तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।


सिवनी में 6 की मौत

जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर छपारा नगर के महावीर वार्ड में रविवार सोमवार की दरमियानी रात एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल का स्टाफ पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। घर के चार लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। मृतकों में चार महिलाएं एक पुरुष और एक किशोर शामिल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किन कारणों से लगी है।



कटनी में दो माह के मासूम सहित छह लोगों की दर्दनाक मौत

कटनी जिले के बरही में एक अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई।रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।

रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था।




Created On :  

Tags

Next Story