Jabalpur news: शहर की सड़कों को चकाचक करने मैदान में उतरा नगर निगम का अमला

शहर की सड़कों को चकाचक करने मैदान में उतरा नगर निगम का अमला
महापौर और निगमायुक्त ने सफाई मित्रों को खिलाई दिवाली की मिठाई

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर

दीपावली के पावन पर्व पर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। रविवार रात के बाद भोर 4 बजे मालवीय चौक से इस अभियान की शुरुआत महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने की। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की रात से सुबह तक सफाई की गई।

इसके पूर्व भी स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा पूरे शहर में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया था। सफाई मित्रों ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ शहर को चकाचक बनाने में जुटे रहे।

सफाई मित्रों के साथ मनाई दिवाली

विशेष अभियान के दौरान महापौर और निगमायुक्त भोर में सफाई मित्रों के बीच पहुंचे और उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों ने अपने हाथों से सफाई मित्रों को दीपावली की मिठाई खिलाई और रसगुल्ले के डिब्बे भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा, हमारे सफाई मित्र ही असली स्वच्छता चैंपियन हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में इनका योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। त्योहार हो या सामान्य दिन, हमारे सफाई मित्र पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हैं। इनके परिश्रम से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होती है। उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने भी कहा कि नगर निगम परिवार का प्रत्येक सदस्य शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और दीपावली पर उनके साथ खुशियां साझा करना आभार व्यक्त करने का प्रयास है।

इस दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, धर्मेंद्र राज, अर्जुन यादव सहित नगर निगम का समस्त स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा।

Created On :  

Tags

Next Story