MP News: पटाखों ने इंदौर का दम घोंटा! AQI 1700 पार, दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में दूसरे नंबर पर पहुंचा, भोपाल-जबलपुर के क्या हाल?

पटाखों ने इंदौर का दम घोंटा! AQI 1700 पार, दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में दूसरे नंबर पर पहुंचा, भोपाल-जबलपुर के क्या हाल?
दिवाली के बाद मध्य प्रदेश में प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। इंदौर का AQI 1708 तक पहुंचा। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहरों की हवा खराब हुई है।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिवाली के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। शहर का AQI 1700 के पार पहुंच गया है। इसके साथ ही इंदौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में दूसरे स्थान पर आ गया है। हालांकि, सुबह तक AQI घटकर करीब 600 पर आ गया है। पटाखों के कारण देश में दिल्ली के बाद इंदौर में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया है। इसका असर भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी देखने को मिला है। प्रदेश के 9 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

9 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की हालत बेहद खराब

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 3 बजे तक प्रदेश के 9 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 300 के पार पहुंच गया था। इनमें भोपाल के 2, ग्वालियर के 3, इंदौर के 2 और जबलपुर के 2 स्टेशन शामिल थे। AQI के पैमाने पर 201 से 300 तक हवा खराब और 301 से 400 तक बेहद खराब मानी जाती है। उज्जैन के महाश्वेता नगर में भी AQI 281 दर्ज किया गया। यहां हवा खराब श्रेणी में रही।

भोपाल में पांच घंटे के अंदर बढ़ा प्रदूषण

भोपाल के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण बढ़ा है। टीटी नगर में AQI 150 से बढ़कर 314 हो गया और ईदगाह हिल्स में यह 140 से बढ़कर 263 पहुंच गया। वहीं, पर्यावरण परिसर में आंकड़ा 213 से बढ़कर 302 दर्ज किया गया है। इस दौरान टीटी नगर में प्रदूषण दोगुने से भी ज्यादा हो गया। ईदगाह हिल्स में भी इसमें करीब 1.9 गुना बढ़ोतरी हुई।

ग्वालियर में तीनों जगह AQI 300 के पार

ग्वालियर में प्रदेश के दूसरे शहरों के मुकाबले हवा की हालत ज्यादा खराब रही। दीनदयाल नगर में रात 10 बजे AQI 354 था, जो सुबह 3 बजे बढ़कर 363 हो गया। महाराज बाड़ा में यह 310 से बढ़कर 337 और सिटी सेंटर में 270 से बढ़कर 329 पहुंच गया। इस तरह शहर के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सिटी सेंटर में 59 और महाराज बाड़ा में 27 अंकों की बढ़ोतरी हुई।

इंदौर में छोटी ग्वालटोली का AQI 338 पर पहुंचा

इंदौर में भी पांच घंटे के अंदर प्रदूषण काफी बढ़ गया था। छोटी ग्वालटोली में AQI 281 से बढ़कर 338 दर्ज किया गया। मगोड़ा नगर में यह 203 से बढ़कर 316 हो गया। यहां 113 अंकों की बढ़ोतरी हुई। रेजिडेंसी एरिया में भी AQI 206 से बढ़कर 261 पहुंच गया। छोटी ग्वालटोली और मगोड़ा नगर में हवा बेहद खराब श्रेणी में रही, जबकि रेजिडेंसी एरिया में यह खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

जबलपुर में मरहटल का AQI 328 पर पहुंचा

जबलपुर में भी दिवाली के बाद हवा की हालत बिगड़ गई। मरहटल में AQI 219 से बढ़कर 328 हो गया। सुहागी में यह 228 से बढ़कर 303 दर्ज किया गया। दोनों जगह हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। वहीं, गुप्तेश्वर में AQI 151 से बढ़कर 237 और गोविंद भवन कॉलोनी में 92 से बढ़कर 149 हो गया। गुप्तेश्वर में हवा सामान्य से खराब श्रेणी में पहुंच गई।

Created On :  

Tags

Next Story