हँसी-मजाक पर हुए विवाद में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या

हँसी-मजाक पर हुए विवाद में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या
पाटन के ग्राम पिपरिया मड़वा क्षेत्र की घटना, आरोपी फरार

डिजिटल डेस्क जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया मड़वा में हँसी-मजाक की बात पर हुए विवाद के चलते गुरुवार की दोपहर कुल्हाड़ी से हमलाकर 41 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। जानकारी लगने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस को पिपरिया मड़वा निवासी श्रीमती राजकुमारी पाल ने बताया कि वह गाँव में अपने पति चैन सिंह पाल व दो बेटियों के साथ रहती है। बुधवार की रात 9 बजे के करीब पति चैन सिंह ने घर आकर बताया कि थोड़ी देर पहले धरमदास उर्फ कुट्टल से हँसी-मजाक को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने देख लेने की धमकी दी है। विवाद की जानकारी देने के बाद पति खाना खाकर सो गया था। गुरुवार की दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब बीती रात हुए विवाद को लेकर धरमदास उर्फ कुट्टल मल्लाह कुल्हाड़ी लेकर उसके घर आया और गाली-गलौज करते हुए चैन सिंह पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।

मृतक की पत्नी को धमकाया

जानकारी के अनुसार दोपहर में चैन सिंह के घर पहुँचे आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चैन सिंह की पत्नी से पूछा की तेरा पति कहाँ है, आज उसका नामो निशान मिटा दूँगा। इस दौरान महिला का पति चैन सिंह घर से बाहर निकला और आरोपी से कहा कि गाली किसे बक रहा है। दोनों के बीच तकरार शुरू हुई और आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

आरोपी की तलाश जारी

कुल्हाड़ी से चैन सिंह पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। उधर परिजन चैन सिंह को मरणासन्न हालत में पाटन अस्पताल लेकर पहँुचे, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका।

Created On :   21 Sep 2023 5:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story