- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शहर भर में मौसमी बीमारियों का फैला...
Jabalpur News: शहर भर में मौसमी बीमारियों का फैला प्रकोप, न तो कीटनाशक का छिड़काव और न ही फॉगिंग का धुआं
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने हेतु अधिकारी आए दिन समीक्षाएं करते हैं। बैठकों में प्लान बनाकर काम करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन हकीकत ठीक इसके विपरीत है, क्योंकि शहर के मुख्य मार्गों को छोड़कर कहीं भी नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही। जानकारों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के साथ शहर भर में मौसमी बीमारियों का प्रकोप फैला हुआ है।
मच्छर और तरह-तरह के वायरस भी तेजी से पनप रहे हैं, जिसकी चपेट में आकर बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और सभी वर्गों के लोग बीमार हो रहे हैं, लेकिन ननि के स्वास्थ्य विभाग को इसकी कोई परवाह नहीं। कीड़े-मकाैड़े और वायरसों से बचाव के लिए न तो कीटनाशक का छिड़काव हो रहा है, न ही मच्छरों से मुक्ति दिलाने के लिए फॉगिंग मशीन से धुआं छोड़ा जा रहा है। समस्या से नागरिक परेशान हैं।
अंधेरदेव निवासी राकेश जैन व तुलाराम चौक निवासी तरुण चौबे ने बताया कि उनके घरों के आसपास गलियों की नालियां बजबजा रही हैं और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिसके कारण गंदगी की वजह से बीमारियां फैल रही हैं। हर दिन शिकायत करने के बाद भी न तो अधिकारी कोई ध्यान देते हैं, न ही कर्मचारी।
नियमित झाड़ू भी नहीं लगती
निवाड़गंज, सराफा, पानदरीबा, दीक्षितपुरा समेत शहर के पुराने रहवासी एरिया में सफाई व्यवस्था को लेकर आए दिन निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जाते हैं। दीक्षितपुरा मंजू तेली की कुलिया निवासी महेश दुबे ने बताया कि उनके घर के आसपास गलियों में कई महीने से झाड़ू नहीं लगाई गई, न ही नियमित रूप से सफाई होती है। महेश की तरह पानदरीबा निवासी मनोज चौरसिया ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम सिर्फ मुख्य मार्गों पर ही झाड़ू लगाकर लौट जाती है।
गलियों के अंदर बसे मोहल्लों में नियमित सफाई न होने के कारण तरह-तरह की बीमारियां फैल रही हैं, जिसको लेकर क्षेत्र के कई लोगों ने स्वास्थ्य विभाग में शिकायत देकर दवाओं का छिड़काव करने की मांग की थी, लेकिन आज तक निगम की तरफ से किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।
कचरा घर बन गए खाली पड़े प्लॉट
कोतवाली मौलाना की गली निवासी रूपेश अग्रवाल ने बताया कि उनके घर के सामने एक प्लॉट खाली पड़ा है, जो अब कचरा घर बन चुका है। आसपास के कई मोहल्लों का कचरा निगम की गाड़ियों से यहां लाकर डम्प भी किया जाता है, लेकिन महीने में दो-तीन बार ही कचरा उठाया जाता है, जिसके कारण उनके मोहल्ले में दुर्गंध फैली रहती है और लोग बीमार ही रहते हैं।
इसी तरह त्रिमूर्ति नगर एफसीआई लाइन में एक खाली प्लॉट पर कचरे ढेर लगे हैं। जहरीले जीव-जन्तुओं से बच्चों काे खतरा है। वहीं मिलाैनीगंज निवासी आदेश गुप्ता ने बताया कि मच्छरों के कारण पहले उनकी पत्नी को मलेरिया हुआ और अब उनके बच्चे इस बीमारी से ग्रसित हैं। रूपेश के अनुसार मोहल्ले में कई बच्चे-बुजुर्ग भी मलेरिया से बीमार हैं।
Created On :   19 Aug 2026 4:53 PM IST












