- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ऐसा लगा जाम कि रेंगते रहे छोटे-बड़े...
Jabalpur News: ऐसा लगा जाम कि रेंगते रहे छोटे-बड़े वाहन, परेशान रहे लोग
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम लगने की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही कुछ मंगलवार की शाम यादव कॉलोनी से कछपुरा ब्रिज तक भी देखने को मिला। करीब आधे घंटे तक इस रूट का यातायात बाधित रहा। इस दौरान सड़क पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही भी थम सी गई और जाम की स्थिति बनने से वाहन चालकों के साथ क्षेत्रीयजन भी परेशान रहे। लोगों ने आरोप भी लगाया कि इस चौराहे पर लम्बे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार का रवैया उपेक्षापूर्ण है।
क्षेत्रीयजनों ने बताया कि शाम करीब 7:30 से रात्रि 8 बजे तक मेहता पेट्रोल पम्प यादव कॉलोनी से लेकर कछपुरा ब्रिज तक हमेशा की तरह फिर से जाम के हालात निर्मित हो गए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि चारपहिया और दोपहिया वाहन चाराें ओर से यहां आते रहे और यातायात पुलिस के जवान भी नदारद रहे। इसी के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। वहीं कई वाहन चालकों के बीच जाम में फंसने के दौरान विवाद भी होता रहा।
समस्या के निराकरण के लिए हों प्रयास
नागरिकों ने बताया कि कुछ लोगों ने जब पुलिस को सूचना दी, तब यहां पहुंची एक टीम ने जाम की समस्या दूर करवाई और लोगों को राहत मिल सकी। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि कछपुरा ब्रिज क्षेत्र में पहले भी यातायात जाम की समस्या सामने आती रही है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस को प्रभावी कार्रवाई कर जाम की यह समस्या हल करवानी चाहिए। यहां ट्रैफिक सिग्नल लगाया जाना चाहिए।
Created On :   19 Aug 2026 4:55 PM IST












