Jabalpur News: जिलहरी गांव में दूषित पानी पीने मजबूर हैं लोग

जिलहरी गांव में दूषित पानी पीने मजबूर हैं लोग
  • नर्मदा किनारे ही गंभीर समस्या-आखिर कब जागेगा नगर निगम प्रशासन
  • विसर्जन कुंड और मुक्तिधाम के पास कचरे के ढ़ेर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गौरीघाट वार्ड के जिलेहरी गांव में दूषित पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों से चर्चा की। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि नर्मदा किनारे बसे इस गांव में अब तक लोग पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं।

हैरत की बात ये है कि यहां अब तक नर्मदा जल की उपलब्धता नहीं है। नागरिकों से मिली जानकारी के बाद बंद पड़ी दो बोरिंगों को चालू कराया गया, लेकिन दोनों बाेरिंगों से गंदा पानी आने लगा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पानी की जांच और सुधार नहीं किया गया, तो किसी भी दिन गांव में भी इंदौर जैसे हालात निर्मित हो सकते हैं। इस मौके पर प्रमोद पटेल, मिंटू मिश्रा, लवली ठाकुर, ओमकार अहिरवार, सनी अहिरवार और गीताबाई सहित अन्य पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


विसर्जन कुंड और मुक्तिधाम के पास कचरे का अंबार

गौरीघाट वार्ड में विसर्जन कुंड के पास और मुक्तिधाम से महज 100 मीटर की दूरी पर बड़े पैमाने पर खुले में कचरे की डंपिंग की जा रही है। जिससे लोगों का रहना और निकलना दूभर हो गया है। नेता प्रतिपक्ष और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम यहां प्रतिदिन 8 से 10 डंपर से अधिक कचरा लाकर डंप कर रहा है।

जिससे स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। विपक्षी पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि कचरा डंपिंग व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए। धार्मिक व संवेदनशील स्थलों के आसपास कचरा डालने पर सख्ती से रोक लगाई जाए और कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाए।

Created On :  

Next Story