Jabalpur News: क्रमोन्नति ठुकराने वाली व्याख्याता के मामले में लापरवाही, 3 के इंक्रीमेंट रुके
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में लापरवाही की बम्पर खेती होती है। यही वजह है कि यहां थोक में कार्रवाई भी की जाती है। एक व्याख्याता जिसने क्रमोन्नति के लिए पहले मना किया था नियमानुसार उसे क्रमोन्नति नहीं दी जानी चाहिए थी लेकिन जानकारी को छिपाकर व्याख्याता को दोबारा क्रमोन्नति प्रदान कर दी गई जिससे मामला न्यायालय में पहुंच गया था और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई थी। अब इस मामले में लापरवाही बरतने वाले 3 बाबूओं पर गाज गिरी है और उनके इंक्रीमेंट रोके गए हैं।
बताया जाता है कि कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 31 दिसम्बर 2019 के आदेश द्वारा शिक्षकों को 30 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के उपरांत तृतीय क्रमोन्नति का 31 लोक सेवकों का स्वीकृति आदेश जारी किया गया था। जिसमें श्रीमती केके टोप्पो का नाम शामिल था। श्रीमती टोप्पो द्वारा वर्ष 2013 में व्याख्याता के पद से हाईस्कूल प्राचार्य के पद पर पदोन्नति से इंकार किया गया था। जिसकी सूचना उनके द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनपुरी जिला जबलपुर को दी गई थी।
इस मामले में समय पर दस्तावेज उपलब्ध न कराने और शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर चेतन धर्माधिकारी सहायक ग्रेड 3 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी , अखिलेश कुमार रजक सहायक ग्रेड 3 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी और श्याम सुन्दर मेहता सहायक ग्रेड 2 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी वर्तमान पदस्थ संस्था प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल रामपुर को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शोकॉज नोटिस जारी किया गया था।
चेतन धर्माधिकारी और अखिलेश रजक ने शोकॉज नोटिस का जबाव तक नहीं दिया जबकि श्याम सुंदर मेहता ने जबाव दिया लेकिन उससे विभाग संतुष्ट नहीं हुआ और तीनों कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी को पत्र प्रेषित किया गया। इसके बाद श्री सोनी ने उपरोक्त तीनों कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुये सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील नियम 1 के नियम 10 के अंतर्गत एक-एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की शास्ति अधिरोपित कर प्रकरण समाप्त किया गया।
Created On :  
