Jabalpur News: स्मृति ज्ञानरंजन कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘कॉरपोरेट पूंजीवाद और लोकतंत्र’ विषय पर रखे विचार

स्मृति ज्ञानरंजन कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘कॉरपोरेट पूंजीवाद और लोकतंत्र’ विषय पर रखे विचार
विश्व में बदल रहा पूंजीवाद का चेहरा व स्वरूप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। हमारे देश में टेलीकॉम सेक्टर और डिजिटल कनेक्टिविटी का यह तेज विस्तार आर्थिक और सामाजिक बदलाव को दर्शा रहा है। टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स की संख्या देश की कुल आबादी के करीब पहुंच रही है। इससे एक तरह का नया काॅर्पोरेट पूंजीवाद जन्म ले रहा है। पूरे विश्व में पूंजीवाद का चेहरा व स्वरूप बदल रहा है। देश में वर्तमान में अघोषित आपातकाल है। शहीद स्मारक में आयोजित "स्मृति ज्ञानरंजन' कार्यक्रम में यह बात वरिष्ठ पत्रकार एवं आर्थिक-राजनीतिक विश्लेषक परंजय गुहा ठाकुरता ने कही।

साहित्यिक पत्रिका ‘पहल’ के संपादक और वरिष्ठ कथाकार ज्ञानरंजन की स्मृति में हुए आयोजन में मुख्य वक्ता ‘कॉरपोरेट पूंजीवाद और लोकतंत्र’ विषय पर वक्ता व अतिथि कोलकाता हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दैनिक भास्कर के समूह संपादक प्रकाश दुबे ने विचार व्यक्त किए। श्री दुबे ने कहा कि हम लोग अक्षर से शब्द तक पहुंचते हैं। इस यात्रा में हमें बहुत से लोग मिलते हैं और सीखने का यह सिलसिला जारी रहता है। इसी तरह मैंने भी अपने गुरुजनों से बहुत कुछ सीखा है।

ज्ञानजी की पुस्तकों और लेखनी से काफी प्रभावित रहा हूं। हमारे बीच साहित्य के क्षेत्र में अगर कोई औजार की तरह काम कर रही है, तो वह उनकी पहल पत्रिका है। साथ ही कहा कि काॅर्पोरेट पूंजीवाद एक ट्रक की तरह है, जिसमें हम सभी बैठे हैं।

साहित्य से जीवन में सुदृढ़ता मिली

पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री पॉल ने कहा कि वे ज्ञानरंजन के विद्यार्थी रहे हैं। ज्ञानरंजन के कारण उनका जबलपुर के साहित्यिक व सांस्कृतिक जगत से जुड़ाव हुआ। कथाकार राजेन्द्र दानी ने पहल के प्रथम अंक की संपादकीय का वाचन किया। संजय जोशी की डॉक्यूमेंट्री में ज्ञानरंजन के साक्षात्कार का एक अंश दिखाया गया। चित्रकार अवधेश बाजपेयी द्वारा बनाए गए चित्र प्रदर्शित किए गए। अति‍थ‍ियों का स्वागत विवेक चतुर्वेदी, भारती वत्स, अजय यादव ने किया।

आयोजन को प्रगतिशील लेखक संघ, विवेचना रंगमंडल, विवेचना थिएटर ग्रुप, रंगाभरण थिएटर ग्रुप, समागम रंगमंडल, रचना समय, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन और अन्विति सहित विभिन्न साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाओं का सहयोग रहा। संचालन राजीव कुमार शुक्ल व आभार हिमांशु राय ने किया।

Created On :  

Next Story