- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मंडला
- /
- कान्हा टाइगर रिजर्व मे मादा बाघ...
मंडला न्यूज: कान्हा टाइगर रिजर्व मे मादा बाघ शावक की मौत

डिजिटल डेस्क मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व में एक बार फिर बाघ शावक की मौत का मामला सामने आया है। कान्हा परिक्षेत्र की नकटीघाटी बीट के कक्ष क्रमांक 138 में सोमवार सुबह गश्ती दल को वन क्षेत्र में बाघ के पदचिह्न और रक्त के निशान दिखाई दिए। इसके बाद क्षेत्र में सघन खोजबीन की गई, जिसमें एक मृत बाघिन शावक का शव मिला। गश्ती दल ने तत्काल घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल सहित आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर डॉग स्क्वाड की मदद से सघन जांच कराई।
इसके बाद वरिष्ठ वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल और पशु चिकित्सक डॉ. ललित चौरसिया के दल ने मृत शावक का परीक्षण किया। परीक्षण में मादा शावक की आयु करीब 11 माह है । शावक के शरीर पर अन्य वन्यजीव से संघर्ष के निशान और चोटें मिली हैं। इन आधार पर प्रारंभिक तौर पर आपसी संघर्ष के कारण मौत होने की संभावना व्यक्त की गई है। हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शव परीक्षण के दौरान फॉरेंसिक जांच के लिए आवश्यक नमूने भी संकलित किए गए हैं।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक जांच और दस्तावेजीकरण किया गया। इसके बाद एनटीसीए द्वारा निर्धारित मानक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी, एनटीसीए द्वारा नामित प्रतिनिधि शिवांगी वेंन्द्रे तथा दाह/भस्मीकरण समिति के अन्य उपस्थित सदस्यों की मौजूदगी में मृत बाघिन शावक के शव का पूर्णतः दाह/भस्मीकरण कर नष्ट किया गया।
Created On :   28 Sept 2026 8:57 PM IST








