मराठा-ओबीसी आरक्षण: भुजबल को जेल जाने का डर, इसलिए ओबीसी समाज को कर रहे हैं गुमराह - जरांगे-पाटील

भुजबल को जेल जाने का डर, इसलिए ओबीसी समाज को कर रहे हैं गुमराह - जरांगे-पाटील
  • मराठा-ओबीसी आरक्षण मामले में जरांगे-पाटील का भुजबल पर निशाना
  • ओबीसी समाज को गुमराह करने का लगाया आरोप
  • 6 माह जरांगे पाटील पहुंचे अपने घर

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्य सरकार मराठा आरक्षण के लिए अधिसूचना जारी कर चुकी है, इसके बाद भी मराठा आरक्षण आंदोलनकर्ता मनोज जरांगे-पाटील अभी भी कुछ बातों को लेकर आक्रामक नजर आ रहे हैं। जरांगे-पाटील ने राज्य सरकार से मांग की है कि मराठा आरक्षण का अध्यादेश पारित करने के लिए विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाना चाहिए और जल्द से जल्द कानून पास करना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री और ओबीसी नेता छगन भुजबल पर निशाना साधते हुए कहा कि भुजबल ओबीसी भाईयों को गुमराह कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें जेल जाने का डर है।

जरांगे-पाटील ने राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना का स्वागत किया है। जरांगे ने मांग की है कि मराठा आरक्षण कानून पारित करने के लिए 15 फरवरी तक राज्य सरकार को विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाना चाहिए। यही कारण है कि मैंने 10 फरवरी से आमरण अनशन करने का फैसला किया है। जरांगे-पाटील ने मराठा आरक्षण का विरोध करने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनौती देना उनका काम है। मराठा आरक्षण को खत्म करने के लिए लोग ऐसा कर रहे हैं। पाटील ने कहा कि मराठा आरक्षण की लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। जो मराठा मुंबई में अनशन करने के लिए गए थे, वे अब लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई और समाज होता तो मुंबई में अराजकता फैल जाती।

6 माह जरांगे पाटील पहुंचे अपने घर

मराठा आंदोलन के चलते जरांगे-पाटील पिछले 6 महीने तक अपने घर नहीं गए थे, गुरुवार को वह अपने घर पहुंचे और परिवार वालों से मिले। गौरतलब है कि भुजबल ओबीसी कोटे से मराठा आरक्षण देने के राज्य सरकार के फैसले का विरोध कर चुके हैं। भुजबल सरकार पर आरोप लगा चुके हैं कि मराठा आरक्षण के चलते ओबीसी का आरक्षण प्रभावित हो रहा है और पिछले दरवाजे से मराठाओं को आरक्षण देने का काम किया जा रहा है।

शिंदे के विधायक ने कहा भुजबल को लात मारकर सरकार से बाहर निकालें मुख्यमंत्री- राकांपा (अजित) ने जताई नाराजगी

शिवसेना (शिंदे) विधायक संजय गायकवाड ने अपनी ही सरकार के मंत्री छगन भुजबल पर विवादास्पद बयान दिया है। ओबीसी कोटे से मराठा आरक्षण देने का विरोध कर रहे मंत्री भुजबल को लेकर गायकवाड ने कहा कि भुजबल सरकार में शामिल होते हुए भी मराठा समुदाय के खिलाफ रुख अपनाकर मुख्यमंत्री का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि भुजबल को लात मारकर मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाएं। गायकवाड़ के बयान पर राकांपा (अजित) प्रवक्ता संजय तटकरे ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हम विधायक गायकवाड के इस बयान की निंदा करते हैं और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मांग करते हैं कि इस तरह के बयान देने वालों पर कार्रवाई की जाए। यह समय महायुति के दलों द्वारा महाविकास आघाडी के दलों को जवाब देने का है।

Created On :   1 Feb 2024 3:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story