निर्देश: ठाणे में दादागिरी कितने दिन चलेगी अब आप सभी को इसका मुंह तोड़ जवाब देना होगा - उद्धव ठाकरे

ठाणे में दादागिरी कितने दिन चलेगी अब आप सभी को इसका मुंह तोड़ जवाब देना होगा -  उद्धव ठाकरे
  • उद्धव ठाकरे ने विभाग प्रमुखों को बैठक में दिए आदेश
  • डरने की जरूरत नहीं, संगठन मजबूत करें

डिजिटल डेस्क, मुंबई. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संगठन को फिर से सक्रिय करने के निर्देश मुंबई के सभी विभा प्रमुखों को दिए हैं। ठाणे के पार्टी पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद बुधवार को मातोश्री पर विभाग प्रमुखों की तत्काल बैठक बुलाई। बैठक में ठाणे की घटना के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारियों की सुरक्षा और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में ठाकरे ने कथित तौर पर पदाधिकारियों से कहा कि ठाणे में दादागिरी कितने दिन चलेगी? अब आप सभी को इसका मुंहतोड़ जवाब देना होगा। इस बयान के जरिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को डर के माहौल में पीछे हटने के बजाय संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय रहने का संदेश दिया।

डरने की जरूरत नहीं, संगठन मजबूत करें

मातोश्री पर हुई बैठक में विभाग प्रमुखों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में रहने को कहा गया। बैठक को ठाणे की घटना के बाद पार्टी संगठन की स्थिति की समीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। उद्धव ठाकरे ने पदाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को मजबूती देने का संदेश दिया। इस बीच उद्धव ठाकरे गुरुवार को ठाणे पहुंचे और पूर्णेकर के परिवार से मुलाकात भी की।

ठाणे की राजनीति में बढ़ सकती है सक्रियता

पूर्णेकर की हत्या ऐसे समय हुई है, जब ठाणे और मुंबई में ठाकरे गुट अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रहा है। दूसरी ओर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे 4 अक्टूबर को मुंबई में संयुक्त मोर्चा निकालने की तैयारी में हैं। ऐसे में ठाणे की घटना के बाद ठाकरे गुट की स्थानीय राजनीतिक सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि पूर्णेकर हत्या मामले में पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और उद्धव गुट अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा तथा संगठनात्मक विस्तार को लेकर आगे क्या कदम उठाता है।

Created On :   1 Oct 2026 10:04 PM IST

Tags

Next Story