Mumbai News: मुंबई में समुद्री किनारे फैली सनसनी, दम घुटने से 4 लोगों की मौत?, पुलिस और नौसेना की टीम जांच में जुटी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में समुद्री किनारे पिछले चार महीनों से एक बड़ा जहाज फंसा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस जहाज पर चार लोगों की लाशें मिली हैं, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-मनोरी समुद्री किनारे की बताई जा रही है। शिप पर ये चार लोग कथित तौर पर चोरी के इरादे से चढ़े थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गैस रिसाव की वजह से दम घुटने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जान जाने की असली वजह पोस्टमार्टम और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
कथित अवैध कारोबार की आशंका
रिपोर्टों के मुताबिक, लगभग चार महीने पहले यह जहाज इलाके में फंस गया था। इस जहाज के मालिक पर पहले से ही मामला दर्ज होने की बात बताई जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि मालिक फिलहाल फरार है और उसके विदेश में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की प्राथमिक जांच में दावा किया जा रहा है कि इस जहाज का इस्तेमाल कथित अवैध कारोबार के लिए हो रहा था। लेकिन अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इस एंगल की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़े -फारस की खाड़ी में 12 कमर्शियल जहाजों पर 163 भारतीय नाविक सवार, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
तीसरी बार चोरी का दावा
बताया जा रहा है कि अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जहाज पर यह तीसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले करीब ढाई लाख रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है, जबकि दूसरी बार में करीब 5 लाख रुपये के सामान चोरी होने का दावा किया जा रहा है। तीसरी बार चोरी के इरादे से लगभग 8 लोगों का ग्रुप स्पीडबोट की सहायता से जहाज पर चढ़ा था। इस दौरान एक व्यक्ति स्पीडबोट पर ही रुक गया, जबकि 7 लोग जहाज के भीतर दाखिल हुए।
हिरासत में तीन संदिग्ध
घटना की जानकारी मिलते ही गोराई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए नौसेना को इसकी जानकारी भी दी गई। इसके बाद नौसेना की मदद से चारों लोगों के शव जहाज से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। वहीं, पुलिस ने जांच के दौरान जहाज के आसपास मौजूद अन्य संदिग्धों में से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
Created On :   1 Oct 2026 4:17 PM IST











