बड़ा फैसला: बीएलओ और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मलिक को सौंपी, 27 सितंबर को नासिक में पार्टी की बैठक

बीएलओ और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मलिक को सौंपी, 27 सितंबर को नासिक में पार्टी की बैठक
  • बीएलओ-एसआईआर की कमान मलिक को
  • राकांपा (अजित) की कोर कमेटी की बैठक में मलिक को सौंपी गई जिम्मेदारी
  • 27 सितंबर को नासिक में पार्टी की बैठक

Mumbai News. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जुट गई है। पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक पर एक बार फिर भरोसा जताया है। बीएलओ और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मलिक को सौंपी गई है। उनके साथ अनिल भाईदास पाटिल को सह-समन्वयक बनाया गया है। राकांपा (अजित) की कोर कमेटी की बैठक सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार की मौजूदगी में देवगिरी बंगले पर हुई। बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष सांसद सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत में पार्टी की आगामी रणनीति की जानकारी दी। स्वास्थ्य कारणों के चलते लंबे समय से नवाब मलिक राजनीति में कम सक्रिय हैं। इस बीच पार्टी ने उन्हें फिर महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। चुनावी प्रक्रिया से जुड़े बीएलओ और एसआईआर जैसे अहम विषय की राज्यस्तरीय जिम्मेदारी मलिक को सौंपा गया है। तटकरे ने बताया कि इस प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी जुटाकर अगले सप्ताह बैठक की जाएगी। कहीं कोई कमी या परेशानी सामने आती है तो उसे दूर कर प्रभावी अमल सुनिश्चित किया जाएगा।

27 सितंबर को नासिक में राज्यव्यापी शिविर

राकांपा (अजित) का एक दिवसीय राज्यव्यापी शिविर 27 सितंबर 2026 को नासिक में आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 750 प्रमुख नेता, पदाधिकारी और आमंत्रित कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी जिलाध्यक्षों के साथ महानगर के प्रमुख पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

22 जिलों की कमान दिलीप वलसे पाटिल के हाथ

आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए वरिष्ठ नेता व पार्टी विधायक दिलीप वलसे पाटिल को मुख्य समन्वयक बनाया गया है। राज्य के 22 जिलों में होने वाले चुनावों के लिए वे समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। तटकरे ने बताया कि वलसे पाटिल को संबंधित जिलों का दौरा करने, स्थानीय नेताओं को साथ लेकर सीमित समय में संगठन मजबूत करने के लिए ठोस चुनावी रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

अजित दादा के विचार युवाओं तक पहुंचाए जाएंगे

प्रदेश राकांपा अध्यक्ष तटकरे ने बताया कि 27 सितंबर के शिविर का एजेंडा और विचार-मंथन की रूपरेखा जल्द तय की जाएगी। पार्टी का व्यापक कार्यक्रम राज्य के युवाओं तक पहुंचाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजितदादा युवा पीढ़ी के लोकप्रिय नेता थे। उनके विचारों को आगे ले जाते समय यह विचार हमारे एजेंडे में निश्चित रूप से रहेगा।

Created On :   31 Aug 2026 9:38 PM IST

Tags

Next Story