- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पार्टी छोड़ने की अफवाह के बीच...
Mumbai News: पार्टी छोड़ने की अफवाह के बीच घोसालकर ने उद्धव ठाकरे से की मुलाकात, बोले - हम साथ हैं

Mumbai News. पिछले कई दिनों से पूर्व विधायक विनोद घोसालकर और उनकी बहू तेजस्वी घोसालकर के शिवसेना (उद्धव) छोड़ने को लेकर चर्चा चल रही थी। लेकिन इस बीच मंगलवार को घोसालकर ने शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर कहा कि स्थानीय स्तर पर मेरे और मेरी बहू तेजस्वी को लेकर जो अफवाह फैलाई जा रही है कि हम पार्टी छोड़ने वाले हैं, वह पूरी तरह से झूठ है। घोसालकर ने कहा कि दहिसर में स्थानीय स्तर पर कुछ पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने मेरी बहू के बारे में गलत जानकारी दी थी, इसके बाद उन्होंने दहिसर विधानसभा महिला उपविभाग प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि वह मूल रूप से शिवसैनिक हैं। हम उद्धव ठाकरे के साथ हैं और आगे भी रहेंगे।
उद्धव से मुलाकात के बाद घोसालकर ने क्या कहा?
उद्धव से मुलाकात के बाद घोसालकर ने कहा कि मैंने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को पूरी जानकारी दी है। हमारी दोनों की चर्चा हुई है। मैंने अपनी समस्याओं के बारे में उन्हें बताया है। उन्होंने कहा कि मेरे दहिसर विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर मेरे बारे में और मेरी बहू तेजस्वी को लेकर जो अफवाह फैलाई जा रही हैं, वह पूरी तरह से झूठ है। हम पार्टी छोड़ने नहीं जा रहे हैं। हालांकि कई पार्टियों ने हमसे संपर्क किया है। तेजस्वी के स्थानीय पदों से इस्तीफे पर घोसालकर ने कहा कि तेजस्वी ने अपनी समस्याओं से संबंधित दहिसर उपविभाग प्रमुख से इस्तीफा दिया था। लेकिन उन्होंने पार्टी से कोई इस्तीफा नहीं दिया था।
अभिषेक घोसालकर की पत्नी हैं तेजस्वी
पिछले वर्ष 8 फरवरी को सोशल मीडिया पर लाइव के दौरान शिवसेना (उद्धव) के पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तेजस्वी अभिषेक की पत्नी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में तेजस्वी को चुनाव मैदान में उतारने की अटकलें थीं लेकिन शिवसेना (उद्धव) ने अभिषेक के पिता विनोद घोसालकर को दहिसर से टिकट दे दिया था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
Created On :   17 Jun 2025 9:46 PM IST













