Mumbai News: सुधाकर बडगुजर आखिरकार भाजपा में हुए शामिल, साथी दलों की चुप्पी विपक्ष ने उठाए सवाल

सुधाकर बडगुजर आखिरकार भाजपा में हुए शामिल, साथी दलों की चुप्पी विपक्ष ने उठाए सवाल
  • नितेश राणे ने बडगुजर पर अंडरवर्ल्ड से रिश्ते रखने के लगाए थे आरोप
  • सुधाकर बडगुजर आखिरकार भाजपा में हुए शामिल
  • विरोध के बावजूद बडगुजर का ऐसे हुआ भाजपा में प्रवेश

Mumbai News. महाराष्ट्र में अगले कुछ महीनों में होने वाले स्थानीय चुनावों से पहले राज्य के एक दल से दूसरे दल में नेताओं का आने-जाने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को शिवसेना (उद्धव) के बड़े नेता सुधाकर बडगुजर भाजपा में शामिल हो गए। पिछले कई दिनों से बडगुजर के भाजपा में शामिल होने को लेकर चर्चा चल रही थी। लेकिन मंगलवार सुबह तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और कार्याध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को बडगुजर के भाजपा में शामिल होने की सही जानकारी नहीं थी। लेकिन मंगलवार दोपहर होते-होते बडगुजर भाजपा में शामिल हो गए। बडगुजर के अलावा पूर्व मंत्री बबनराव घोलप भी भाजपा में शामिल हुए। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की हरी झंडी मिलने के बाद वह भाजपा में शामिल हुए हैं।

कौन हैं सुधाकर बडगुजर?

सुधाकर बड़गुजर की नाशिक के बड़े नेताओं के तौर पर गिनती होती है। सूत्रों का कहना है कि बडगुजर का भाजपा में शामिल होने के पीछे की वजह नाशिक महानगरपालिका पर कब्जे को माना जा रहा है। बडगुजर की शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत के करीबियों में गिनती होती थी, लेकिन कुछ दिनों पहले ही उद्धव गुट ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। बडगुजर ने साल 2008 में शिवसेना (अविभाजित) में प्रवेश किया था। साल 2014 व 2024 के विधानसभा चुनाव में भी बडगुजर चुनाव मैदान में थे लेकिन उन्हें भाजपा की मौजूदा विधायक सीमा हिरे ने हरा दिया था। कुछ दिनों पहले बडगुजर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाशिक दौरे के दौरान उनसे मुलाकात की थी। जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी थीं।

विरोध के बावजूद बडगुजर का ऐसे हुआ भाजपा में प्रवेश

बडगुजर का नाशिक पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा की मौजूदा विधायक सीमा हिरे ने विरोध किया था। क्योंकि साल 2014 और 2024 के विधानसभा चुनाव में उन पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगा था। सीमा ने कहा था कि जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले मकाऊ में परिवार के साथ घूमने गए थे तो बडगुजर ने बावनकुले की कसीनो में बैठे हुए फोटो वायरल कर उनकी बदनामी की कोशिश की थी। लेकिन इन सब के विरोध के बावजूद मुख्यमंत्री फडणवीस की हां होने के बाद बडगुजर मंगलवार को पार्टी में शामिल हो गए।

बडगुजर पर लगा था डी कंपनी से संबंध रखने का आरोप

भाजपा विधायक नितेश राणे ने विधानसभा में आरोप लगाया था कि सुधाकर बडगुजर ने दाऊद इब्राहिम के गुर्गे सलीम कुत्ता के लिए पार्टी रखी थी। उन्होंने विधानसभा में पार्टी में नाचते हुए उनके फोटो भी दिखाए थे और कार्रवाई की मांग की थी। उसको लेकर भाजपा ने उद्धव गुट को जमकर घेरा था।

क्या भाजपा दाऊद इब्राहिम को भी पार्टी में शामिल करेगी?- हर्षवर्धन सपकाल

बडगुजर के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि भाजपा ने अब सारी सीमाएं पार कर दी हैं। जिस व्यक्ति पर माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम से संबंध होने का आरोप था, उसी को सम्मान पूर्वक भाजपा में शामिल किया गया है। सपकाल ने कहा कि अब क्या भाजपा दाऊद को भी पार्टी में शामिल करेगी? उन्होंने कहा कि यह उस पार्टी का मामला है जो हिंदुत्व की बातें करती है। हालांकि महायुति के दलों ने बडगुजर के भाजपा प्रवेश पर चुप्पी साध रखी है।

Created On :   17 Jun 2025 9:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story