राज्यसभा चुनाव: नामांकन का अंतिम दिन, भाजपा ने घोषित किए चार उम्मीदवारों के नाम, शरद पवार महा आघाडी के उम्मीदवार

नामांकन का अंतिम दिन, भाजपा ने घोषित किए चार उम्मीदवारों के नाम, शरद पवार महा आघाडी के उम्मीदवार
  • राहुल शेवाले शिंदे गुट से उम्मीदवारी, पार्थ पवार भी जाएंगे राज्यसभा
  • शरद पवार महा आघाडी के उम्मीदवार
  • भाजपा ने घोषित किए चार उम्मीदवारों के नाम

Mumbai News. राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपने चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया जबकि महायुति में शामिल शिवसेना (शिंदे) व राकांपा (अजित) ने अभी तक अपने पत्त नहीं खोले हैं। सूत्रों के अनुसार शिवसेना (शिंदे) से पूर्व सांसद राहुल शेवाले उम्मीदवार हो सकते हैं जबकि राकांपा (अजित) की तरफ से पार्थ पवार का नाम तय किया गया है। दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन महा आघाडी में राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार के नाम पर सहमति हो बन गई है। आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री विनोद तावड़े शामिल हैं। आठवले और तावड़े के अलावा पार्टी ने नागपुर की पूर्व महापौर माया चिंतामन इवनाते और विधान परिषद के पूर्व सदस्य रामराव वाडकुटे को भी मैदान में उतारा है। महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीट अप्रैल में रिक्त होने वाली हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 से अधिक विधायकों के साथ, भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन अपने चारों उम्मीदवारों को जिताने की स्थिति में है। इस वर्ष महाराष्ट्र से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें राकांपा (शरद) प्रमुख शरद पवार, आरपीआई (ए) के प्रमुख आठवले, राकांपा (शरद) की फौजिया खान, रजनी पाटिल (कांग्रेस), शिवसेना (उद्वव) की प्रियंका चतुर्वेदी और भाजपा नेता धनंजय पाटिल और भगवत कराड शामिल हैं। मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच होगा और मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।

कुछ साल पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे वडकुटे

हिंगोली जिले के रहने वाले वडकुटे ने मीडिया को बताया कि उन्हें भाजपा द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद नहीं थी। वह कुछ साल पहले ही सत्ताधारी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि मुझे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस पर भरोसा था। यह पार्टी जमीनी स्तर पर काम करती है। मैंने बदले में कुछ भी उम्मीद किए बिना सिर्फ अपने काम पर ध्यान केंद्रित किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तावडे ने उम्मीदवार बनाए जाने के लिए अपनी पार्टी के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वह "पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के नेतृत्व में, हम राष्ट्र कल्याण के लिए हर क्षण प्रतिबद्ध हैं। इस उम्मीदवारी के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को धन्यवाद! नागपुर की पूर्व महापौर इवनाते वर्तमान में नगर निकाय में पार्षद हैं।

पवार की उम्मीदवारी के लिए उद्धव से मिले पाटील, कांग्रेस नेताओं से सुप्रिया की मुलाकात

इस बीच बुधवार का राकांपा (शरद) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील ने मातोश्री जाकर शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसके पहले मंगलवार की रात भी पाटील ने सुप्रिया सुले के साथ उद्धव से मुलाकात कर राज्यसभा सीट चुनाव के वास्ते शरद पवार के लिए समर्थन मांगा था। मातोश्री में बैठक के बाद पाटील ने कहा कि मातोश्री में हुई बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) के साथ विलय पर कोई चर्चा नहीं हुई। यह चर्चा पहले अजित पवार के आग्रह पर शुरू हुई थी। जिन लोगों से यह बातचीत चल रही थी, वे अब हमारे बीच नहीं हैं। दोनों पक्षों की भावनाएं समझने वाला अब कोई नहीं बचा, इसलिए आगे विलय की कोई संभावना नहीं है। पाटील ने बताया कि राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर उद्धव ठाकरे गुट ने किसी भी नाम पर आपत्ति नहीं जताई है। उन्होंने कहा कि शरद पवार का दिल्ली में होना जरूरी है। इसलिए उन्हें राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। हमने अपनी यह इच्छा उद्धव ठाकरे के सामने रखी है। राकांपा (शरद) सांसद सुप्रिया सुले ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से मुलाकात की। इसके बाद सकपाल ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर राज्यसभा चुनाव के लिए शरद पवार को समर्थन देने की घोषणा की।

Created On :   4 March 2026 9:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story