Mumbai News: मंत्रियों के दिमाग में हवा घुस गई है, विधायकों का फोन तक नहीं उठाते - संतोष बांगर

मंत्रियों के दिमाग में हवा घुस गई है, विधायकों का फोन तक नहीं उठाते - संतोष बांगर
  • श्रीकांत बोले ये एकनाथ शिंदे की शिवसेना है
  • हर किसी को बोलने का अधिकार

Mumbai News. राज्य की राजनीति में एक बार फिर अंदरूनी नाराजगी खुलकर सामने आई है। शिवसेना (शिंदे) विधायक संतोष बांगर ने एक कार्यक्रम में मंच से ही अपनी ही सरकार के मंत्रियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ मंत्रियों के दिमाग में हवा घुस गई है, वे ऊंट पर बैठकर बकरियां हांकने जैसा काम कर रहे हैं और आम विधायकों के फोन तक नहीं उठाते। यह बयान उस समय आया जब नांदेड़ में शिवसेना (शिंदे) के पदाधिकारियों का बड़ा सम्मेलन आयोजित किया गया था और मंच पर शिंदे गुट के सांसद श्रीकांत शिंदे और मंत्री गुलाबराव पाटील भी मौजूद थे। बांगर ने मांग की कि ऐसे मंत्रियों को घर का रास्ता दिखाया जाए।

फोन तक नहीं उठाते मंत्री

बांगर ने कार्यक्रम में कहा कि कई मंत्री कार्यकर्ताओं और विधायकों से दूरी बना रहे हैं। हम लोग जनता के बीच काम करते हैं, लेकिन मंत्री फोन तक नहीं उठाते। जनता के काम विधायक नहीं करेगा तो कौन करेगा। यहां तक कि मंत्रियों को जब हम फोन करते हैं तो न तो हमारा फोन उठाया जाता है और न ही हमारे संदेशों का जवाब मिलता है। यहां तक कि उनके पीए या अधिकारियों का भी यही रवैया है। ऐसी कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बांगर के इस बयान को सरकार के भीतर बढ़ती नाराज़गी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इधर सोलापुर में हुई समीक्षा बैठक में भी कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई। इस बैठक में श्रीकांत शिंदे के साथ मंत्री उदय सामंत और गुलाबराव पाटील मौजूद थे।

श्रीकांत शिंदे का सख्त रुख

विधायक और कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बीच श्रीकांत शिंदे ने कहा कि यह एकनाथ शिंदे की शिवसेना है। यहां हर किसी को बोलने का अधिकार है, लेकिन अनुशासन भी जरूरी है। बोलने का मौका मिलता है तो आपस में थोड़ा सम्मान का ध्यान भी रखा जाए। शिंदे के विधायक के इस बयान ने सत्ता पक्ष के अंदर की खींचतान का खुलासा भी कर दिया है।

Created On :   14 April 2026 10:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story