लक्ष्य: 2 करोड़ महिलाओं को लखपति है बनाना, मोदी बोले मेरी गारंटी वहां से शुरू-जहां विपक्ष की गारंटी खत्म

2 करोड़ महिलाओं को लखपति है बनाना, मोदी बोले मेरी गारंटी वहां से शुरू-जहां विपक्ष की गारंटी खत्म
  • पीएम मोदी का महाराष्ट्र दौरा मिशन 2024
  • मुंबई के एक कोने से दूसरे कोने तक सिर्फ 59 मिनट में पहुंचा जा सकेगा- फडणवीस
  • मोदी के नेतृत्व में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य होगा पूरा- अजित पवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुंबई में लगभग 30 हजार 500 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत की विभिन्न परियोजनाओं का उदघाटन एवं कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। नवी मुंबई के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर परिवारवाद और विकास विरोधी का आरोप लगाते हुए परियोजनाओं में लेट लतीफी का भी आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि 10 साल पहले जहां देश में हजारों करोड रुपए के भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी, वहीं अब हजारों करोड रुपए के नए-नए प्रोजेक्ट के उद्घाटन की चर्चा हो रही है।

महिला सशक्तिकरण अभियान की कई योजनाओं की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा की महिलाओं का कल्याण हमारी सबसे बड़ी गारंटी है। मोदी ने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले समय में 2 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना है। इससे पहले मोदी ने नाशिक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में युवाओं से 22 जनवरी तक देश के तीर्थ स्थानों और मंदिरों में साफ सफाई अभियान चलाने को भी कहा। मोदी ने नाशिक के कालाराम मंदिर में श्रमदान भी किया। नाशिक पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया।

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मैदान पर हजारों महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की मोदी सरकार ने बेटियों को जो गारंटी दी है अब महाराष्ट्र की सरकार उसे आगे बढ़ा रही है। मोदी ने कहा कि बांद्रा-वर्ली सी लिंक अटल सेतु की तुलना में काफी छोटा है। लेकिन उसे तत्कालीन सरकार को बनाने में 10 साल लग गए थे, जबकि मैंने अटल सेतु का भूमि पूजन साल 2016 में किया था और आज इसका उद्घाटन भी कर दिया है। जिन्होंने पिछले कई सालों तक देश पर राज किया उनके इरादे अच्छे नहीं थे। इसलिए देश विकास नहीं कर पाया। हमारी मंशा साफ है इसलिए पिछले 10 सालों में भारत की दिशा और दशा दोनों बदल गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि अटल सेतु विकसित भारत की तस्वीर है और विकसित भारत में सब कुछ अटल सेतु की तरह ही होगा। अगले कुछ सालों में भारत को पहली बुलेट ट्रेन भी मिलने जा रही है। मोदी की गारंटी वहां से शुरू होती है जहां विपक्ष की गारंटी खत्म हो जाती है। आने वाले समय में महाराष्ट्र में चल रही परियोजनाएं देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेंगी। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को याद करते हुए कहा कि उनकी मदद से भारत में कई परियोजनाएं शुरू हो सकीं।

अटल सेतु से कुछ लोगों का ख़त्म होगा अहंकार - शिंदे

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अटल सेतु के उद्घाटन के मौके पर उद्धव ठाकरे का नाम लिए बगैर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह भगवान श्री राम ने श्रीलंका जाने के लिए राम सेतु का निर्माण कर रावण का अहंकार खत्म किया था, वैसे ही अटल सेतु के शुरू होने के बाद कुछ लोगों का अहंकार खत्म होने वाला है। शिंदे ने कहा कि जिस तरह से अटल सेतु भूकंप-रोधी है, वैसे ही लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में भूचाल आने वाला है जिसे विपक्ष नहीं झेल पाएगा। आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए शिंदे ने कहा कि इस बार इस नारे के साथ हमें चलना होगा कि "अबकी बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार और राज्य में 45 के पार"। राज्य में पूरे देश की तुलना में सबसे ज्यादा विकास कार्य चल रहे हैं, जिससे राज्य का विकास और तेजी से होगा।

मुंबई के एक कोने से दूसरे कोने तक सिर्फ 59 मिनट में पहुंचा जा सकेगा- फडणवीस

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अटल सेतु के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मेरे मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान साल 2016 में अटल सेतु का भूमि पूजन किया गया था और आज मोदी जी के हाथों में उद्घाटन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अटल सेतु के बाद कोस्टल रोड और मेट्रो का जाल पूरा होने के बाद एमआर रीजन में रिंग रोड वाला नेटवर्क बन जाएगा। जिसमें मुंबई के एक कोने से दूसरे कोने तक सिर्फ 59 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। पिछले 50 साल में मुंबई ने महाराष्ट्र को जो ताकत थी। अब आने वाले 25 साल में रायगड और नवी मुंबई दोनों मुंबई को ताकत देंगे।

मोदी के नेतृत्व में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य होगा पूरा- अजित पवार

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि साल 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली थी तो उन्होंने नारी सशक्तिकरण को लेकर जो बिगुल फूंका था वह आज भी जारी है। उज्ज्वला योजना ने देश की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। अजित ने कहा कि राम सेतु का इस्तेमाल करने से ईंधन और समय दोनों की बचत होगी क्योंकि इससे 2 घंटे की दूरी को सिर्फ 20 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का जो लक्ष्य रखा है उसे जरूर पूरा करेगा।

Created On :   12 Jan 2024 4:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story