प्रदर्शनी: विज्ञान प्रदर्शनी में स्वदेशी तकनीक पर जोर, मान्यवरों ने कहा बच्चे ही देश का भविष्य

विज्ञान प्रदर्शनी में स्वदेशी तकनीक पर जोर, मान्यवरों ने कहा बच्चे ही देश का भविष्य
  • अन्वेषण और अनुसंधान से संबंधित फिल्म दिखाई गई
  • "राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' पर मॉडलों की प्रस्तुति
  • 10 विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सिविल लाइंस स्थित परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय में -"राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' के अवसर पर निदेशालय की गतिविधियों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय निदेशक पी. के. गुप्ता, एएमडी के हाथों हुआ। इस अवसर पर नागपुर शहर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा करीब 10 विज्ञान मॉडलों की प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की गई। निदेशालय की गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने के लिए भौतिकी, रसायन, शैलिकी, भूभौतिकी, क्ष-किरण प्रतिदीप्ति और भूवेधन तकनीक के स्टॉल लगाए गए थे। स्टॉल में उपस्थित वैज्ञानिक अधिकारियों ने परिसर में पधारे करीब 200 शिक्षकों और विद्यार्थियों को उपलब्ध उपकरणों की कार्यविधि और तकनीक की जानकारी प्रदान की।

विकसित भारत का सपना साकार होगा : निदेशालय के साथ विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित मॉडलों में इस वर्ष के राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की थीम "विकसित भारत के लिए स्वदेशी तकनीक' साकार होती प्रतीत हुई। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्हें परमाणु खनिजों के अन्वेषण और अनुसंधान से संबंधित फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि एम.ई.सी.एल के अध्यक्ष सह-प्रबंध निदेशक इंद्रदेव नारायण थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे ही हमारे देश का भविष्य हैं तथा इनके द्वारा प्रदर्शित मॉडल और विज्ञान के प्रति इनकी रुचि इस बात का परिचायक है कि स्वदेशी तकनीक के साथ विकसित भारत का सपना शीघ्र ही साकार होने वाला है।

पुरस्कृत किए गए विद्यार्थी : क्षेत्रीय निदेशक गुप्ता ने विकिरण के उपयोग से स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य सुरक्षा जैसे सामाजिक सरोकार और उत्थान पर प्रकाश डाला। नारायण और गुप्ता ने विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में सोमलवार उच्च विद्यालय के कक्षा आठवीं के यथार्थ गोंडुले और हंसिका तेलरांधे को प्रथम, वायुसेना नगर की केंद्रीय विद्यालय के छठवीं कक्षा के पारस गणेश लोखंडे को द्वितीय और सरस्वती विद्यालय की नौवीं कक्षा के मोहन राम मट्टापर्थी और गार्गी पराग कुकडे को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

Created On :   29 Feb 2024 11:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story