रिश्तों में उठा था तूफान: शादी के चंद दिनों बाद पति के हाथ लगी कथित डायरी, पत्नी पर शक हुआ तो बंद कमरे में लगा ली फांसी

  • बंद कमरे की खामोशी और कथित डायरी का मामला
  • आखिरी कॉल और खौफनाक कदम
  • मां की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज

Beed News. यह घटना किसी फिल्मी कहानी के उस दुखद मोड़ की तरह है, जहां शहनाइयों की गूंज के चंद दिन बाद ही एक हंसता-खेलता संसार उजाड़ गया। शादी को अभी महज 12 दिन ही हुए थे। हाथ की मेहंदी का रंग अभी ठीक से छूटा भी नहीं था, कि घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।

धाराशिव जिले के नांदुरगा गांव का रहने वाले गणेश दत्तू कोली चंद्रपुर के राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर था। 13 मई 2026 को बीड की रहने वाली युवती के साथ उसका विवाह हुआ। जो खुद अंबाजोगाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय के फॉरेंसिक विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करती है। दो पढ़े-लिखे लोग एक नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे थे। शादी के बाद दोनों ने मोरेवाड़ी इलाके में एक किराये का कमरा लिया और सब कुछ ठीक था।

बंद कमरे की खामोशी और वो डायरी

बाहर से शांत दिखने वाले इस रिश्ते के भीतर अचानक तूफान उठने लगा। शादी के कुछ ही दिनों के भीतर दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। गणेश को अक्सर महसूस होता कि कुछ तो है जो उससे छुपाया जा रहा है। कथित तौर पर पत्नी का फोन पर किसी से बात करना, बताया जा रहा है कि इसी बीच, गणेश के हाथ एक 'डायरी' लगी। उस डायरी के पन्नों में कुछ ऐसा लिखा था जिसने गणेश के पैरों तले से जमीन खिसका दी। उसमें कथित प्रेम का जिक्र था, जिसे गणेश बर्दाश्त नहीं कर पाया।

आखिरी कॉल और खौफनाक कदम

25 मई 2026 की वो दोपहर। पत्नी हमेशा की तरह अपनी ड्यूटी पर जा चुकी थी। घर में गणेश अकेला था, लेकिन उसका मन अशांत था। अवसाद और धोखे के अहसास से जूझते हुए उसने अपनी बहन को फोन लगाया। कांपती आवाज में उसने बहन को उस डायरी और अपनी पत्नी पर शक जताया। यह उसका आखिरी संबल था। फोन काटने के कुछ ही देर बाद, उस बंद कमरे में गणेश ने फांसी लगा ली।

नया मोड़: जांच, कॉल रिकॉर्ड

शुरुआत में पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु का मामला मानकर जांच शुरू की थी। लेकिन असली कहानी तब सामने आई जब गणेश की बूढ़ी मां सुनंदा कोली ने हिम्मत जुटाई और पुलिस के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने साफ आरोप लगाया कि उनकी पत्नी से तनाव के कारण उनके बेटे ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

जब पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई, तो गणेश और उसकी बहन के बीच हुई उस आखिरी कॉल की पुष्टि हो गई। उस डायरी और कॉल रिकॉर्ड्स ने पुलिस को मामले की दिशा बदलने पर मजबूर कर दिया।

वर्तमान स्थिति और कानूनी कार्रवाई

  • इस पूरे खुलासे के बाद पुलिस महकमे और इलाके में हड़कंप मच गया है।
  • मामला दर्ज: अंबाजोगाई शहर पुलिस ने मृत पटवारी की मां की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज किया है।
  • धाराएं: यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत दर्ज किया गया है।
  • जांच टीम: पुलिस निरीक्षक शरद जोगदंड के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक वशिष्ठ कागणे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में अभी तक आरोपी पत्नी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शादी के मंडप से शुरू हुई यह कहानी अब अदालत और पुलिस थानों के चक्करों के बीच इंसाफ के इंतजार में खड़ी है।

Created On :   5 Jun 2026 7:57 PM IST

Tags

Next Story