Nagpur News: अधिकारी हों या जनप्रतिनिधि, नियम तोड़ा तो खैर नहीं

अधिकारी हों या जनप्रतिनिधि, नियम तोड़ा तो खैर नहीं
  • महापौर नीता ठाकरे ने की दैनिक भास्कर से चर्चा
  • कहा - विकास के एजेंडे को गति देना हमारी प्राथमिकता

Nagpur News मनपा सत्ता को अधिक लोकाभिमुख बनाने की मंशा व्यक्त करते हुए महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि शहर विकास के आवश्यकता अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण के विषय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी हो या नगरसेवक अथवा कोई भी जनप्रतिनिधि, नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा व अन्य मूलभूत सेवा सुविधाओं के लिए विशेष प्रयास किया जाएगा। शहर विकास के एजेंडे को गति देना हमारी प्राथमिकता है। बुधवार को महापौर ठाकरे ने दैनिक भास्कर कार्यालय में सदिच्छा भेंट के दौरान विविध विषयों पर चर्चा की। उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र उर्फ बाल्या बाेरकर उपस्थित थे।

महापौर की खास 6 बातें : जल संरक्षण : महापौर ठाकरे ने कहा-वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पर प्रभावी अमल कराना मेरी निजी प्राथमिकता में शामिल है। नगरसेविका रहते हुए मैंने अपने प्रभाग में वाटर हार्वेस्टिंग का प्रयास किया। इसे शहर में लागू कराना है।

शिक्षा : विधानसभा क्षेत्र स्तर पर कम से कम एक उच्च स्तरीय अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय शुरू होगा।

पर्यावरण : पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य किया जाएगा। प्रशासन ने जानकारी दी है कि शहर में 7 लाख पेड़ों की बढ़त हुई है। जनभागिता से पर्यावरण संरक्षण किया जाएगा।

महिला : लाडली बहन योजना के अलावा महिला उद्योजिका प्रकल्प के माध्यम से महिला सक्षमीकरण किया जाएगा। महिला प्रसाधन गृह बढ़ाए जाएंगे।

विद्यार्थी : 12वीं तक के विद्यार्थियों को ट्यूशन के लिए मनपा से सहायता की पुरानी योजना पर अमल होगा। मनपा शालाओं के अड़चनें दूर होंगी।

रोबोटिक लैब : शहर में रोबोटिक लैब तैयार करने का सुझाव प्रशासन काे दिया गया है।

निधि की कमी नहीं : महापौर ठाकरे ने कहा कि मनपा के पास विकास व मूलभूत सेवा सुविधाओं के कार्य के लिए निधि की कमी नहीं है। नाग नदी साैंदर्यीकरण, टैंकरमुक्त शहर, महिला सुरक्षा की उपाय योजनाओं पर अमल किया जाएगा।

कोई दबाव नहीं : महापौर नीता ठाकरे का मानना है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति बिना डरे जिए। अपने कार्यकाल में बेहतर कार्य करने का प्रयास करूंगी। संगठन के एजेंडे के साथ ही अपने विजन के अनुरूप कार्यों को गति देंगे। राजनीतिक व सामाजिक मामले में मुझे परिवार का भरपूर सहयाेग मिला है। संगठन का भी कोई दबाव नहीं रहेगा। जनसहभागिता से विकास कार्य होंगे। मनपा का बजट बढ़ेगा।


Created On :   12 Feb 2026 12:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story