Nagpur News: बुटीबोरी से वर्धा तक बनेगा एयरोस्पेस-डिफेंस क्लस्टर, शीघ्र लगेगी मुहर

बुटीबोरी से वर्धा तक बनेगा एयरोस्पेस-डिफेंस क्लस्टर, शीघ्र लगेगी मुहर
  • राज्य की एयरोस्पेस और रक्षा नीति की होगी घोषणा
  • विमान के कल-पुर्जों से लेकर ड्रोन और रक्षा उपकरण
  • एक ही क्षेत्र में तैयार होगा पूरा डिफेंस इकोसिस्टम

Nagpur News उपराजधानी नागपुर अब एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में बड़ी छलांग लगाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की प्रस्तावित एयरोस्पेस एंड डिफेंस नीति के तहत बुटीबोरी से लेकर मिहान, कुही और वर्धा तक एरोस्पेस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने की योजना है। इस क्लस्टर में विमान और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े छोटे-बड़े पुर्जों का निर्माण किया जाएगा। इस क्लस्टर से स्थानीय उद्योगों को नई दिशा मिलने के साथ बड़े निवेश का रास्ता भी खुलेगा। राज्य सरकार जल्द ही इस नीति की औपचारिक घोषणा कर सकती है।

नीति की खास बातें : बुटीबोरी और अतिरिक्त बुटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में एरोस्पेस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जाएगा। इस क्लस्टर में मुख्य रूप से विमान के पार्ट्स बनाए जाएंगे। अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े पुर्जों का निर्माण होगा। इसके लिए क्षेत्र में हाई-टेक इंडस्ट्रियल यूनिट्स स्थापित की जाएगी।

कुही क्षेत्र में ड्रोन टेक्नोलॉजी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की तैयारी है। यह केंद्र ड्रोन रिसर्च, ट्रेनिंग और प्रोडक्शन को बढ़ावा देगा। यह पहल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की रणनीति का हिस्सा है।

इसके अलावा मिहान में परियोजना के तहत एयरोस्पेस ओवरहॉल और कंपोनेंट क्लस्टर प्रस्तावित है, जहां विमान के पुर्जों का निर्माण और मरम्मत के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

वर्धा में डिफेंस प्रोडक्ट पार्क स्थापित करने की योजना है। जहां रक्षा उपकरण का निर्माण होगा। इसमें सैन्य उपयोग के पार्ट्स और मशीनरी तैयार की जाएगी। डिफेंस से जुड़ी इंडस्ट्रीज को एक ही स्थान पर विकसित किया जाएगा।

नागपुर डिफेंस हब के रूप में उभरेगा : नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में प्रस्तावित एरोस्पेस क्लस्टर, ड्रोन सेंटर और डिफेंस प्रोडक्ट पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स डिफेंस इकोसिस्टम तैयार करेंगे। इससे न केवल बड़े निवेश को आकर्षित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय एमएसएमई सेक्टर को भी डिफेंस सप्लाई चेन में शामिल होने का मौका मिलेगा। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। नागपुर आने वाले समय में देश के प्रमुख एरोस्पेस और डिफेंस हब के रूप में उभर सकता है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। -दुष्यंत देशपांडे, सचिव, विदर्भ डिफेंस इंडस्ट्रीज एसोसिएशन


Created On :   13 April 2026 3:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story