- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मुंबई में दिखेगा पुलिस खिलाड़ियों...
Nagpur News: मुंबई में दिखेगा पुलिस खिलाड़ियों का दमखम , नागपुर पुलिस दल तैयार

Nagpur News 36वीं महाराष्ट्र राज्य पुलिस क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 27 अप्रैल 2026 के बीच मुंबई में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्य के सभी पुलिस आयुक्तालय, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा राज्य रिजर्व पुलिस बल की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में कुल 18 खेल शामिल हैं, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स और कुश्ती प्रमुख हैं।
खिलाड़ियों से सीधा संवाद, जीत का दिया मंत्र : सोमवार 13 अप्रैल को नागपुर पुलिस भवन में पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंगल ने प्रतियोगिता के लिए रवाना हो रही टीम से विशेष संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें उनकी क्षमता पर पूरा विश्वास है और मैदान में जीत के लक्ष्य के साथ उतरना चाहिए। आयुक्त ने गर्मी के मौसम को देखते हुए खिलाड़ियों को स्वास्थ्य, संतुलित आहार और हाइड्रेशन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
सुविधाओं और समस्याओं पर भी की चर्चा : पुलिस आयुक्त डा सिंगल ने खिलाड़ियों से खेल सामग्री और सुविधाओं की गुणवत्ता पर चर्चा की तथा अभ्यास में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अधिकतम पदक जीतकर नागपुर पुलिस का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
209 सदस्यीय टीम तैयार : नागपुर शहर पुलिस दल की टीम में कुल 209 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 3 पुलिस अधिकारी और 206 कर्मचारी हैं। टीम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त महेशसिंह ठाकुर कर रहे हैं, जबकि खेल समन्वय की जिम्मेदारी पुलिस हवलदार धर्मेंद्रसिंह ठाकुर संभाल रहे हैं। आयुक्त के मार्गदर्शन से खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा हुआ है और सभी ने अधिक से अधिक पदक जीतकर नागपुर को विजेता बनाने का संकल्प लिया है।
यह भी पढ़े -एयर होस्टेस की आत्महत्या मामले में अब युवक के खिलाफ दर्ज हुआ है केस - छोटे कपड़े पहनने पर करता था प्रताड़ित
Created On :   13 April 2026 7:56 PM IST












