- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा - ...
भांडाफोड़: आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा - राणाप्रतापनगर क्षेत्र में छापा, मुंबई के बुकी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News. इलाके में आईटी पार्क के पास लोखंडे नगर स्थित सिद्धांत सक्षम अपार्टमेंट के चौथे माले पर चल रहे अवैध क्रिकेट सट्टेबाजी अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर मुंबई के एक बुकी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 3.92 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आईपीएल के लाइव मैचों पर ‘लागवाड़ी-खायवाड़ी’ के जरिए सट्टा लगवा रहे थे। नागपुर शहर अपराध शाखा की यूनिट क्रमांक 2 ने 11 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
सूचना मिली थी कि फ्लैट नंबर 401 में चेन्नई बनाम दिल्ली के टी-20 आईपीएल मैच पर मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दबिश दी और मौके से आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में अमन परमानंद पाठक (26, मानकापुर), आकाश जयंती गुहील (27, भाईंदर पूर्व, मुंबई), श्रेयस सप्तऋषी लांजवार (21, नागपुर) और मुशीर अहमद मतीन अहमद (22, नागपुर) शामिल हैं।
यह भी पढ़े -16 वर्ष की किशोरी हभप. मुक्तेश्वरी महाराज क्षीरसागर की कीर्तन शैली और आध्यात्मिक गहराई से भक्ति में लीन होते हैं श्रोता
जांच में सामने आया कि आरोपी ‘एस.के.’ नामक व्यक्ति के साथ मिलकर प्रतिबंधित लिंक तैयार करते थे और यूजर आईडी व पासवर्ड के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी में जोड़ते थे। लेन-देन के लिए भाड़े के बैंक खातों का उपयोग किया जाता था, जिससे शासन को कर के रूप में आर्थिक नुकसान पहुंच रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन और विभिन्न बैंकों के 11 पासबुक जब्त किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.92 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में राणाप्रतापनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(3), 340(2), 318(2), 61(2) के साथ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक कानून की धारा 4 व 5 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्रकुमार सिंगल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) राहुल माकणीकर और सहायक पुलिस आयुक्त अभिजीत पाटील के मार्गदर्शन में की गई। टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक शुभांगी देशमुख ने किया, जिसमें उपनिरीक्षक गजानन चांभारे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को जब्त सामान के साथ प्रतापनगर पुलिस के हवाले कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Created On :   12 April 2026 8:26 PM IST











