अलग ही तस्वीर: महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी के बीच हुआ सहज संवाद

महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी के बीच हुआ सहज संवाद
  • दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का पूछा हाल
  • सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच अक्सर ही तनातनी की स्थिति देखने को मिलती है

New Delhi News. संसद के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच अक्सर ही तनातनी की स्थिति देखने को मिलती है। कई बार तो यह निजी आरोप-प्रत्यारोप में भी बदल जाती है। ऐसे माहौल के बीच शनिवार को संसद भवन परिसर से एक अलग ही तस्वीर सामने आई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हल्के-फुल्के माहौल में बात करते नजर आए।

समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर संसद परिसर में ऐसा क्षण आया जिसने राजनीतिक मतभेदों के बीच सौहार्द की झलक दिखा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच हुई संक्षिप्त लेकिन सहज बातचीत ने सबका भारतीय लोकतंत्र की इस खूबसूरती को और प्रगाढ़ बना दिया। दोनों नेताओं के बीच करीब 25 से 30 सेकंड की बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के चेहरे के भाव और बॉडी लैंग्वेज में किसी तरह का तनाव नजर नहीं आया, बल्कि एक स्वाभाविक संवाद दिखा।

इस अवसर पर संसद परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार और अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि 16 अप्रैल से संसद का सत्र शुरू होने वाला है। इसमें महिला आरक्षण को लेकर संशोधन विधेयक लाए जाने हैं। इसमें परिसीमन को लेकर भी विधेयक लाया जाना है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी का फिर से आमना सामना होना तय है। सत्र के दौरान दोनों नेता एक दूसरे के खिलाफ कटाक्ष करने का यह मौका नहीं छोड़ेंगे। इसके बावजूद ज्योतिराव फुले के श्रद्धांजलि के इस मौके पर दिखी सहजता ने जता दिया कि विचारों की भिन्नता के बीच संवाद की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है।

Created On :   11 April 2026 9:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story