नागपुर यूनिवर्सिटी: महात्मा फुले के विचारों पर शोध के लिए बनेगा केंद्र, सरकार से 2.96 करोड़ का अनुदान प्राप्त

महात्मा फुले के विचारों पर शोध के लिए बनेगा केंद्र, सरकार से 2.96 करोड़ का अनुदान प्राप्त
  • गांधी विचारधारा विभाग में शुरू होगा
  • सीनेट की बैठक में रखा था प्रस्ताव
  • राज्य सरकार ने विद्यापीठ को 2.96 करोड़ रुपए का अनुदान प्रदान किया

Nagpur News. राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ में थोर समाज सुधारक, समाज प्रबोधक, शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों पर शोध कार्य के लिए एक अध्यासन केंद्र स्थापित किया जा रहा है। इस केंद्र की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने विद्यापीठ को 2.96 करोड़ रुपए का अनुदान प्रदान किया है। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यह अध्यासन केंद्र कार्य करना प्रारंभ करेगा। इस केंद्र के माध्यम से महात्मा फुले के सामाजिक, शैक्षणिक और वैचारिक योगदानों का गहन अध्ययन एवं अनुसंधान किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उनके विचारों को समझने और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने का अवसर प्राप्त होगा।

सीनेट की बैठक में रखा था प्रस्ताव

सीनेट सदस्य डाॅ. ओमप्रकाश चिमणकर ने विद्यापीठ में महात्मा ज्योतिबा फुले अध्यासन केंद्र शुरू करने की मांग को लेकर सीनेट बैठक में प्रस्ताव रखा था। डॉ. चिमणकर ने बताया कि विद्यापीठ में महात्मा फुले अध्यासन केंद्र की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2023 में 2 करोड़ 96 लाख 58 हजार रुपए का अनुदान प्रदान किया गया था। इस संबंध में विद्यापीठ के प्राधिकरण और समिति द्वारा नियमावली भी तैयार कर ली गई, लेकिन अब तक यह अध्यासन केंद्र शुरू नहीं हो सका है। इस वर्ष प्रस्तावित महात्मा ज्योतिबा फुले अध्यासन को विद्यापीठ द्वारा नियमावली के अनुसार प्रारंभ करते हुए उनकी जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जानी चाहिए। हाल ही में आयोजित सीनेट बैठक में भी डॉ. चिमणकर ने अध्यासन केंद्र शुरू करने की मांग दोहराई। इस पर कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से महात्मा फुले अध्यासन केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया। राज्य सरकार और विद्यापीठ द्वारा शुरू की जा रही यह पहल महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के पूर्वारंभ के रूप में एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

गांधी विचारधारा विभाग में शुरू होगा

गांधी विचारधारा विभाग के प्रमुख डॉ. प्रमोद वाटकर को महात्मा ज्योतिबा फुले अध्यासन केंद्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। फिलहाल यह केंद्र गांधी विचारधारा विभाग में ही संचालित किया जाएगा। डॉ. वाटकर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि अध्यासन केंद्र शुरू करने संबंधी सूचना प्राप्त हो चुकी है। इसके चलते आगामी शैक्षणिक सत्र से इस केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआत में अनुसंधान, व्याख्यान और कार्यशालाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके बाद सर्टिफिकेट तथा एम.ए. पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।

Created On :   11 April 2026 7:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story