Nagpur News: नल बंद, तो ई-शौचालय बना सहारा, नागरिकों ने किया भरपूर उपयोग - जल संकट ने आम नागरिकों की दिनचर्या को किया प्रभावित

नल बंद, तो ई-शौचालय बना सहारा, नागरिकों ने किया भरपूर उपयोग - जल संकट ने आम नागरिकों की दिनचर्या को किया प्रभावित
  • जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को हुई दिक्कतें
  • न सिर्फ पीने के पानी, बल्कि नहाने और शौच जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी हुए परेशान

Nagpur News. पिछले 2-3 दिनों से जारी जल संकट ने आम नागरिकों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को न सिर्फ पीने के पानी, बल्कि नहाने और शौच जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे हालात में सेमिनरी हिल्स स्थित ई-शौचालय नागरिकों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया। जल संकट के दौरान इस ई-शौचालय का उपयोग अचानक बढ़ गया। यहां आम दिनों में इसकी रोजाना आमदनी करीब 70 रुपए के आसपास रहती है, वहीं पानी की किल्लत के चलते एक ही दिन में इसकी कमाई 450 से 500 रुपए तक पहुंच गई। इससे साफ है कि संकट के समय इस तरह की सुविधाएं कितनी उपयोगी साबित हो सकती हैं।

सस्ती दरों पर मिल रही सुविधाएं

इस ई-शौचालय में वॉशरूम उपयोग के लिए 5 रुपए, टॉयलेट के लिए 10 रुपए और शॉवर लेने के लिए 20 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। पानी की कमी से जूझ रहे लोगों ने इन सुविधाओं का भरपूर उपयोग किया, खासकर नहाने के लिए शॉवर की मांग अधिक देखी गई। ई-शौचालय की सुविधाएं भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। यहां डिजिटल लाइट मिरर जैसी आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध है, जो लोगों को खासा पसंद आ रही है। सेमिनरी हिल्स क्षेत्र शहर का वीआईपी इलाका माना जाता है, ऐसे में इस शौचालय का उपयोग कई बार वीआईपी लोग भी करते हैं।

संजय चौधरी, शौचालय के केयरटेकर के मुताबिक पानी की समस्या के दौरान यहां आने वालों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई। साफ-सफाई और आधुनिक सुविधाओं के कारण लोगों को यह सुविधा काफी पसंद आ रही है।

स्मार्ट विकल्प जरूरी

जल संकट के इस दौर में ई-शौचालय ने न केवल नागरिकों की परेशानी कम की, बल्कि यह भी साबित किया कि शहरी सुविधाओं में ऐसे स्मार्ट विकल्प भविष्य के लिए बेहद जरूरी हैं।

Created On :   11 April 2026 7:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story