पड़ताल शुरू: विद्यार्थियों के फर्जी आंकड़ों की चाल टीम कर रही सभी स्कूलों में पड़ताल, शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों की ली जा रही मदद

विद्यार्थियों के फर्जी आंकड़ों की चाल टीम कर रही सभी स्कूलों में पड़ताल, शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों की ली जा रही मदद
  • शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभागों की ली जा रही मदद
  • यू-डायस प्रणाली पर अविश्वास
  • फर्जी विद्यार्थी खोजने सरकार फिर एक बार स्कूलों की पड़ताल शुरू

Nagpur News. फर्जी विद्यार्थी खोजने सरकार फिर एक बार स्कूलों की पड़ताल शुरू की है। परीक्षा दरमियान टीमें स्कूलों में दस्तक देकर विद्यार्थी संख्या की पड़ताल कर रही है। संच मान्यता के लिए विद्यार्थियों के फर्जी आंकड़े दिखाकर सरकार की तिजोरी को चूना लगाने की आशंका के चलते शिक्षण संचालनालय ने यह कदम उठाया है। विद्यार्थी पड़ताल में सरकारी, स्थानीय निकाय संचालित तथा अनुदानित स्कूलों के दूसरी से नौवीं तथा ग्यारहवीं कक्षा का समावेश है। विद्यार्थी पड़ताल के लिए शिक्षा विभाग के कर्मचारी कम पड़ने पर अन्य विभागों के कर्मचारियों की मदद ली जा रही है। शनिवार 11 अप्रैल को शहर के स्कूलों की पड़ताल के लिए शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के 150 से अधिक कर्मचारियों की मदद लिए जाने की जानकारी शिक्षा विभाग के सूत्रों ने दी।

परीक्षा दरमियान विद्यार्थी पड़ताल

विद्यार्थियों की पड़ताल के लिए परीक्षा का समय चुना गया है। 11, 15 और 22 अप्रैल को पड़ताल करने का निश्चित किया गया। शिक्षा विभाग के अलावा अन्य विभाग के कर्मचारियों की टीमें गठित की गई है। टीम अचानक स्कूल पहुंचकर संच मान्यता के लिए पेश की गई विद्यार्थी संख्या और प्रत्यक्ष उपस्थिति की पड़ताल करेगी। इसकी रिपोर्ट शिक्षण संचालनालय को भेजी जाएगी। संच मान्यता और प्रत्यक्ष उपस्थिति के आंकड़ों में अंतर आने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

यू-डायस प्रणाली पर अविश्वास

विद्यार्थी संख्या के फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए यू-डायस प्रणाली लाए जाने का शिक्षा विभाग का दावा है। यू-डायस प्रणाली में विद्यार्थी का आधार कार्ड लिंक किया जाता है। उसी विद्यार्थी को अन्य स्कूल में प्रवेश देने पर पकड़ में आता है। इस बीच, फर्जी विद्यार्थी खोज अभियान चलाकर यू-डायस प्रणाली पर अविश्वास व्यक्त किया जा रहा है। जिस प्रणाली पर सरकारी मशीनरी का विश्वास नहीं है, उस पर करोड़ों रुपए खर्च करने का क्या फायदा। यह सवाल शिक्षा विभाग के जानकारों को सता रहा है।

विद्यार्थी पड़ताल नियमित प्रक्रिया

निखिल भुयार, शिक्षणाधिकारी (प्राथमिक), जिला परिषद के मुताबिक यू-डायस प्रणाली जानकारी संकलन करने की प्रणाली है। उसकी विश्वसनीयता बरकरार रखने के लिए समय-समय पर पड़ताल की जाती है। यह नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उसे शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार की दृष्टि से देखना अपेक्षित है।


Created On :   12 April 2026 7:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story