Nagpur News: एनसीबी मुंबई की टीम ने की बड़ी कार्रवाई , ट्रक से 210 किलो गांजा बरामद हुआ

एनसीबी मुंबई की टीम ने की बड़ी कार्रवाई , ट्रक से 210 किलो गांजा बरामद हुआ
  • गिरोह बेनकाब, कुल जब्त माल की कीमत 20 करोड़
  • अब पुष्टि, नागपुर बना ड्रग्स तस्करी का ट्रांजिट हब
  • बड़े शहरों में सप्लाई की थी योजना

Nagpur News शहर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की मुंबई जोनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार 11 अप्रैल को नागपुर में पश्चिम बंगाल नंबर के एक ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में धातु की चादरों (मेटल शीट्स) के बीच बेहद चालाकी से छिपाकर रखा गया करीब 210 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त कुल माल की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। नागपुर में गांजा, एमडी, कोकिन सहित अन्य मादक पदार्थों की कार्रवाई पुलिस लगातार करती आ रही है, इसके बावजूद बड़े नेटवर्क तक स्थानीय पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाते हैं। इसके पहले एमडी के तार राजस्थान से लेकर गुजरात तक जुड़ चुके हैं लेकिन कार्रवाई स्थानीय स्तर पर पूरी कर दी जाती है।

‘वैध माल’ के बीच छिपाया था : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों ने गांजे को इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में ट्रक पूरी तरह वैध माल से भरा हुआ लगे, लेकिन एनसीबी टीम की सतर्कता से यह बड़ा खेल उजागर हो गया। कार्रवाई के दौरान मौके से आरोपी पी. कुमार और आर. कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह खेप ओडिशा के संभलपुर क्षेत्र से लाई गई थी, जो अवैध गांजा सप्लाई का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इसके बाद नागपुर के दो स्थानीय सप्लायर पाटिल और बर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई की भनक स्थानीय पुलिस टीम को लगने तक नहीं दिया गया। टीम ने नेटवर्क में शामिल नागपुर के उक्त दोनों आरोपियों को भी धर-दबोचा। स्थानीय अपराध शाखा पुलिस की टीम को भी कोई मालूमात नहीं। एनसीबी की टीम ही आरोपियों की धर-पकड़ व उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई खुद कर रही है।

सप्लाई चेन तोड़ने की कोशिश :जांच में सामने आया कि यह गांजा महाराष्ट्र के कई शहरों जैसे नागपुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पुणे और मुंबई में सप्लाई किया जाना था। वहां से इसे छोटे स्तर के पैडलर्स के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की योजना थी। एनसीबी अधिकारियों के मुताबिक, इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की पूरी कड़ी को उजागर करने के लिए जांच लगातार जारी है। इस कार्रवाई से साफ है कि नागपुर अब ड्रग्स तस्करी के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट पॉइंट बनता जा रहा है, जिस पर एजेंसियों की कड़ी नजर बनी हुई है।


Created On :   13 April 2026 3:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story