Nagpur News: नागपुर में मात्र एक छात्रा के लिए बना परीक्षा केंद्र

नागपुर में मात्र एक छात्रा के लिए बना परीक्षा केंद्र
  • नियमों का किया पालन
  • 12वीं संस्कृत की परीक्षा देने पहुंची थी नारायणी

Nagpur News शहर में 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। इसी दौरान नागपुर में एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। शुक्रवार को संस्कृत विषय का पेपर था। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट, गर्ल्स हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज में संस्कृत विषय के लिए केवल एक ही छात्रा को परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था। इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की पूरी व्यवस्था की और छात्रा नारायणी खरडीवार ने पूरे इत्मीनान से परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित था। विद्यार्थियों को समय से पहले छुट्टी दे दी गई, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

स्टाफ और सुरक्षा के विशेष इंतजाम : छात्रा को परीक्षा देने में कोई कमी नहीं रखी गई। प्रश्नपत्र निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत स्कूल लाया गया। केंद्र पर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। परीक्षा से पहले छात्रा की विधिवत जांच की गई। पूरे परिसर में शांत और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित किया गया।

कमरे में एक बेंच पर उसका रोल नंबर अंकित किया गया था। परीक्षा कक्ष के बाहर ब्लैकबोर्ड पर भी केवल एक ही छात्रा का रोल नंबर और संख्या लिखा गया था। परीक्षा संचालन के लिए एक शिक्षिका को निरीक्षण के लिए नियुक्त किया गया था। छात्रा की सुविधा के लिए एक चपरासी को पानी उपलब्ध कराने हेतु तैनात किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य कार्यों के लिए भी विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

Created On :   14 Feb 2026 3:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story