Nagpur News: एनआईटी पॉलिटेक्निक में गूंजी ‘गोविंदा आला रे’, 27 टीमों ने लगाई दही हांडी की बाजी

एनआईटी पॉलिटेक्निक में गूंजी ‘गोविंदा आला रे’, 27 टीमों ने लगाई दही हांडी की बाजी
  • 1200 से 1400 विद्यार्थियों ने लिया उत्सव में हिस्सा, परिसर में दिखा जोश और उमंग
  • साहस, समन्वय और टीम भावना के साथ विद्यार्थियों ने मटकी फोड़ने के लिए लगाई पूरी ताकत
  • विजेता टीमों को कुल 36 हजार रुपए के पुरस्कार से किया गया सम्मानित

Nagpur News श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर NIT Polytechnic, Nagpur में भव्य दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति, उत्साह और युवा ऊर्जा से सराबोर रहा। करीब 1200 से 1400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दही हांडी प्रतियोगिता का आनंद लिया। विद्यार्थियों की तालियों, नारों और टीमों के उत्साहवर्धन से परिसर गूंजता रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. सारंगी, डॉ. अमोल देशमुख, प्राचार्य एनआईटी इंजीनियरिंग, डॉ. इरहम कुरेशी, निदेशक एनआईटी जीएसएम, विशिष्ट अतिथि प्रो. जी.एफ. पोतभरे, प्राचार्य एनआईटी पॉलिटेक्निक, नागपुर, प्रो. नागेश इजमुलवार, उपप्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और प्राध्यापक उपस्थित रहे।

27 टीमों ने दिखाई ताकत और तालमेल

दही हांडी प्रतियोगिता आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। इसमें कुल 27 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने साहस, शक्ति, अनुशासन, आपसी समन्वय और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए दही हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया। टीमों के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों की तालियों और उत्साह ने माहौल को और रोमांचक बना दिया।

प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने संगीत की धुन पर जमकर नृत्य किया। रंगारंग माहौल में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए भोजन एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई।

विजेता टीमों पर बरसे पुरस्कार

दही हांडी प्रतियोगिता की विजेता टीमों को कुल 36 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बालक वर्ग में EJ 5K ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में CO 3K प्रथम रही।

ME 1K और EE 3K ने संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। दोनों टीमों को 6-6 हजार रुपए प्रदान किए गए। वहीं EE 3K और CE 1K ने तृतीय स्थान प्राप्त किया और दोनों टीमों को 3-3 हजार रुपए से सम्मानित किया गया।

परंपरा के साथ दिखी युवा ऊर्जा

एनआईटी पॉलिटेक्निक का दही हांडी उत्सव भारतीय संस्कृति और परंपरा के साथ विद्यार्थियों की एकता, मित्रता, सहयोग, आत्मविश्वास और टीम भावना का संगम बना। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी, प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता, संगीत और नृत्य ने आयोजन को यादगार बना दिया। उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।


Created On :   9 Sept 2026 2:51 PM IST

Tags

Next Story