Nagpur News: बूचड़खाने के लिए बांधकर रखे 110 गोवंशों को पुलिस ने छुड़ाया

  • कामठी के गादा-नेरी रोड स्थित खेत में 19.15 लाख रुपये के पशु जब्त
  • खेत मालिक पर मामला दर्ज

Nagpur News बूचड़खान में भेजने के लिए गोवंश पशुओं को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर बांधकर रखने का मामला सामने आया है। पुलिस उपायुक्त परिमंडल क्रमांक-6 के विशेष दस्ते ने कार्रवाई करते हुए 110 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। जब्त पशुओं की अनुमानित कीमत करीब 19.15 लाख रुपये बताई गई है। मामले में खेत मालिक के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम सहित पशु क्रूरता प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शाम करीब 4.30 बजे डीसीपी परिमंडल क्रमांक-6 के विशेष दस्ते के अधिकारी और कर्मचारी गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि नवीन कामठी थाना क्षेत्र के गादा गांव के समीप गादा-नेरी रोड स्थित खसरा क्रमांक 18 के खेत में बड़ी संख्या में गोवंशीय पशुओं को बांधकर रखा गया है।

सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में संबंधित खेत पर छापा मारा। परिसर की तलाशी लेने पर अलग-अलग रंग और आकार के कुल 110 गोवंशीय पशु मिले। पुलिस के अनुसार पशुओं को बेहद संकरे स्थान पर ठूंसकर, क्रूर एवं निर्दयी तरीके से बांधा गया था। उनके लिए पर्याप्त चारे और पानी की व्यवस्था भी नहीं की गई थी। प्रारंभिक जांच में पशुओं को कत्तल के उद्देश्य से वहां बांधकर रखे जाने की बात सामने आई।

पुलिस पाटिल से मिली खेत मालिक की जानकारी

पुलिस ने जब खेत और पशुओं के मालिक के बारे में जानकारी जुटाई तो स्थानीय पुलिस पाटिल ने बताया कि उक्त खेत कामठी निवासी मुश्ताक कुरैशी का है। जांच में मुश्ताक कुरैशी के ही पशुओं का मालिक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 110 गोवंशीय पशु, अनुमानित कीमत 19 लाख 15 हजार रुपये, जब्त किए। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया भी की गई।

इस मामले में आरोपी खेत मालिक के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम-1976 की धारा 5(ब), 9 तथा पशु क्रूरता अधिनियम-1960 की धारा 11(1)(एफ), 11(1)(एच) और 11(1)(आई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Created On :   8 Sept 2026 4:58 PM IST

Tags

Next Story