- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- पार्टी के लिए आई छात्रा को ब्लैकमेल...
Nagpur News: पार्टी के लिए आई छात्रा को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म

Nagpur News वर्धा रोड पर चर्चित डाबो लाउंज में पार्टी के लिए आई छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे जबरन दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में खापरखेड़ा पुलिस ने आरोपी शुभम मोहन मेहंदडोले (31), निवासी सावनेर, के खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। पीड़िता 21 वर्षीय छात्रा है, और नागपुर में पढ़ाई कर रही है। आरोपी डब्ल्यूसीएल का कर्मचारी बताया जा रहा है। सोनेगांव थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित इस पब में देर रात तक चलने वाली पार्टियां लगातार कानून व्यवस्था को चुनौती दे रही हैं।
झांसा देकर मुकर गया : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की सावनेर निवासी एक युवती से दोस्ती थी। इसी सहेली ने 27 अप्रैल को सोनेगांव स्थित डाबो लाउंज में पार्टी रखी थी। पार्टी में उसकी सहेली का बॉयफ्रेंड और आरोपी शुभम भी मौजूद था। सभी ने शराब पी, जिसके बाद छात्रा को उल्टी आने लगी। रात करीब दो बजे सभी लोग कार में रवाना हुए। नशे की हालत में छात्रा को होश नहीं था। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसने खुद को पिपला डाक बंगले के पास खड़ी कार की पिछली सीट पर पाया। उस समय उसकी सहेली और उसका बॉयफ्रेंड कार से उतरकर नाश्ता कर रहे थे।
छात्रा ने बताया कि वह अर्ध बेहोशी की हालत में थी और शुभम ने उसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। अगले दिन शुभम ने छात्रा को कॉल कर मिलने बुलाया और उसे पार्टी के बाद के अंतरंग फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। उसने प्रेम संबंध और शादी का झांसा देकर संबंध बनाए रखे। यह सिलसिला करीब छह महीने तक चलता रहा। जब छात्रा ने शादी का दबाव बनाया तो शुभम ने इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
देर रात तक युवतियों का आना-जाना : यह वारदात न सिर्फ पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि शहर के इन नाइट स्पॉट्स में युवा कितनी आसानी से अपराधों के जाल में फंस रहे हैं। शहर में पब, हुक्का पार्लरों में देर रात युवक- युवतियों का आना जाना लगा रहता है। अंबाझरी में कुछ हुक्का पार्लर से सेटिंग के आधार पर देर रात तक चलते रहते हैं।
यह भी पढ़े -खाद की कालाबाजारी रोकने उर्वरक विभाग की बड़ी कार्रवाई, महाराष्ट्र में एक हजार से अधिक लाइसेंस रद्द
Created On :   14 Nov 2025 2:04 PM IST














