दबिश: अंतरराज्यीय गिरोह के 2 चेन स्नैचरों को पुलिस ने ओडिशा से किया गिरफ्तार

  • दोपहिया वाहन पर ओडिशा से नागपुर आए थे
  • रेलवे स्टेशन पर एक लॉज में रुके, वारदात के बाद चले गए
  • एटीएम में तोड़फोड़ करने वाला गिरोह हैदराबाद का

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो लुटेरों को ओडिशा से गिरफ्तार कर नागपुर लाया है। गिरफ्तार आरोपी जाफर अली घोलू अली (19), खरिया रोड, धोबी पारा, न्यू आपाडा, जोंकथाना, ओडिशा और जहीर हुसैन मो. बिहारी (19), खरिया रोड, नूरानी चौक, न्यू आपाडा, जोंकथाना, ओडिशा निवासी है। लुटेरों के एक फरार साथी हैदर अली (22) को जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। इसके अलावा शहर में एटीएम में तोड़फोड़ करने वाले हैदराबाद के गिरोह में शामिल आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है। यह जानकारी पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्रकुमार सिंगल ने सोमवार को पुलिस भवन, सिविल लाइंस में आयोजित पत्र परिषद में दी।

ओडिशा में 21 चेन स्नैचिंग के मामले हैं दर्ज : उन्होंने बताया कि, आरोपी जाफर अली चेन स्नैचिंग करने में माहिर है। इस पर ओडिशा के विविध थानों में 21 मामले दर्ज हैं। अंतरराज्यीय चेन स्नैचरों का यह गिरोह ओडिशा से रातभर दोपहिया वाहन से सफर कर नागपुर आया था। रात को नागपुर में रेलवे स्टेशन के पास एक लॉज में रुकने के बाद सुबह चेन स्नैचिंग करने निकला। 28 मार्च को सुबह शहर में आरोपियों ने बेलतरोड़ी, सक्करदरा, हुड़केश्वर, तहसील, सोनेगांव परिसर में चेन स्नैचिंग की। उसके बाद वापस लॉज में पहुंचे और कुछ समय रुकने के बाद दोपहिया वाहन पर सवार होकर वापस ओडिशा चले गए।

नागपुर में एक ही दिन में 6 मामले : एक ही दिन में दोनों ने शहर के पांच थानांतर्गत 6 लोगों के गले से चेन स्नैचिंग की थी। वारदातों के बाद क्राइम ब्रांच के उपायुक्त निमित गोयल की टीम ने फुटेज खंगाले। इस दौरान दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन के पास एक लॉज में ठहरने की जानकारी मिली। पुलिस की टीम ने लॉज में जाकर उनका आधारकार्ड और मोबाइल नंबर लिया। तकनीक के आधार पर उनके मोबाइल का लोकेशन मिल गया। पश्चात पुलिस की एक टीम ओडिशा रवाना की गई। टीम ने ओडिशा में आरोपी जाफर अली और जहीर हुसैन को धरदबोचा।

फरार साथी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा : पुलिस आयुक्त को विश्वास है कि, इन दोनों आरोपियों की नागपुर पहुंचने के लिए दोपहिया वाहन चलाने में मदद करने वाले फरार साथी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पत्र परिषद में सह पुलिस आयुक्त अश्वती दोरजे, अपर पुलिस आयुक्त संजय पाटील, पुलिस उपायुक्त निमित गोयल उपस्थित थे। यूनिट-4 टीम ने उक्त कार्रवाई की। यूनिट के पुलिस निरीक्षक रमेश ताले के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

आरोपियों से 68 ग्राम सोना जब्त : पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों से 68 ग्राम सोना, पल्सर मोटरसाइकिल, हेलमेट, दो मोबाइल सहित करीब 5.32 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। गौरतलब है कि, बेलतरोड़ी की साकेत नगरी निवासी आशा थूल (65) ने चेन स्नैचिंग की शिकायत की थी। 28 मार्च को सुबह करीब 11.30 बजे जब वह दुकान में थीं, तब एक बाइक पर आए उनके गले से 15 ग्राम की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। इसी प्रकार प्रिया सोसाइटी, साकेत नगरी निवासी आशा की शिकायत पर बेलतरोड़ी पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया था। इसके बाद यूनिट-4 ने दोनों आरोपियों को ओडिशा से धरदबोचा।

Created On :   2 April 2024 6:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story