दर्दनाक: कामठी के पास हावड़ा लाइन पर मालगाड़ी से टकराकर 6 हिरणों की मौत, वन विभाग की टीम ने किया पंचनामा

कामठी के पास हावड़ा लाइन पर मालगाड़ी से टकराकर 6 हिरणों की मौत, वन विभाग की टीम ने किया पंचनामा
  • मालगाड़ी की चपेट में एक, दो या तीन नहीं, बल्कि 6 हिरण आए
  • हादसा कामठी रेलवे स्टेशन के पास हुआ

Nagpur News. शनिवार की सुबह हावड़ा लाइन से नागपुर की ओर आने वाली एक मालगाड़ी की चपेट में एक, दो या तीन नहीं, बल्कि 6 हिरण आ गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। किसी का सिर कट गया तो किसी के पैर कट गए। हादसा कामठी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। गनीमत रही कि कोई भी हिरण इंजन में नहीं फंसा, वरना हावड़ा लाइन पर बड़ा जाम लग सकता था। वन विभाग को घटना की जानकारी मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। वहीं, सभी हिरणों के शव नागपुर लाकर उनका शवविच्छेदन कराया गया तथा अंतिम संस्कार किया गया। रेलवे लाइन के आसपास आरक्षित वन क्षेत्र नहीं है, वहीं से हिरणों का झुंड यहां आकर पटरियों के आसपास से गुजर रहा होगा, जिससे यह हादसा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

पशुप्रेमियों ने इस घटना पर रोष जताते हुए पटरियों के आसपास जंगल वाले क्षेत्रों में फेंसिंग कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

जानकारी के अनुसार, कामठी से कन्हान के बीच तड़के एक मालगाड़ी नागपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान अचानक हिरणों का एक झुंड पटरियों पर आ गया और मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस हादसे में कुल 6 हिरणों की मौत हो गई।

सुबह जब गैंगमैन गश्त पर था, तब उसे हिरणों के शव दिखाई दिए। उसने इसकी सूचना तत्काल कन्हान के स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने वन विभाग को जानकारी दी। उपवन संरक्षक विनिता व्यास के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, पंचनामा किया और शवों को नागपुर लाकर पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार किया।

Created On :   19 July 2026 6:05 PM IST

Tags

Next Story