रैकेट का भंडाफोड़: एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक - नंदूरबार के कोचिंग संचालक और शिक्षक समेत 6 गिरफ्तार

एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक - नंदूरबार के कोचिंग संचालक और शिक्षक समेत 6 गिरफ्तार
  • बेटी को पास कराने के लिए खरीदा पेपर
  • बॉयफ्रेंड के फेल होने पर ब्रेकअप और शिकायत से खुला राज
  • अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा

Nandurbar News. महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की औषध निरीक्षक परीक्षा के पेपर लीक मामले में मुंबई अपराध शाखा ने नंदूरबार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अंतरजिला रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कोचिंग अकादमी संचालक, जिला परिषद शिक्षक और एमपीएससी से जुड़े कर्मचारियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को 2 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजे जाने की जानकारी है।

बेटी को पास कराने के लिए खरीदा पेपर

जांच के अनुसार, नंदूरबार की ‘कौटिल्य’ अकादमी के संचालक प्रवीण दिलीप पाटिल को मामले का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। जिला परिषद के उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित अमृत पाटिल ने अपनी बेटी ऋतुजा को परीक्षा में पास कराने के लिए प्रवीण पाटिल से संपर्क किया था। आरोप है कि प्रवीण पाटिल ने एमपीएससी से जुड़े अधिकारियों से कथित तौर पर मोटी रकम देकर पेपर हासिल किया और उसे अमृत पाटिल तक पहुंचाया। 22 मार्च 2026 को हुई औषध निरीक्षक परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से दो दिन पहले ही लीक होने का दावा जांच में सामने आया है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों की मेहनत प्रभावित हुई।

प्रेम संबंध और ब्रेकअप से खुला पेपर लीक का राज

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू प्रेम संबंध और ब्रेकअप से जुड़ा है। पुलिस जांच के अनुसार, अमृत पाटिल ने लीक प्रश्नपत्र अपनी बेटी ऋतुजा को दिया था। ऋतुजा ने कथित तौर पर यह पेपर अपने बॉयफ्रेंड गौरव पाटिल उर्फ लोकेश को भी दिया।

परीक्षा परिणाम में ऋतुजा गुणवत्ता सूची में सातवें स्थान पर रही, जबकि गौरव परीक्षा में सफल नहीं हो सका। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और उनका ब्रेकअप हो गया। गुस्से में गौरव ने कथित पेपर लीक की जानकारी एमपीएससी को दी। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई और रैकेट का पर्दाफाश हुआ।

एमपीएससी से जुड़े कर्मचारियों की भी गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में प्रवीण दिलीप पाटिल, अमृत पाटिल, अवर सचिव अभिजीत लेंढवे, सहायक कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नकाते, सहायक कक्ष अधिकारी गोपाल मराठे और गौरव पाटिल उर्फ लोकेश को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र किस स्तर पर लीक हुआ, इसके बदले कितनी रकम का लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।

परीक्षा दोबारा कराने का फैसला

पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद एमपीएससी ने औषध निरीक्षक पद की परीक्षा नए सिरे से कराने का फैसला किया है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है।

Created On :   28 Aug 2026 7:59 PM IST

Tags

Next Story