बीजेपी पर निशाना: राहुल गांधी ने कहा - आदिवासी ही देश के असली मालिक हैं, नंदुरबार पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा

राहुल गांधी ने कहा - आदिवासी ही देश के असली मालिक हैं, नंदुरबार पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा
  • कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
  • नंदुरबार पहुंची यात्रा
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को महाराष्ट्र पहुंची। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने नंदुरबार में यात्रा का स्वागत किया। राज्य के आदिवासी बाहुल्य नंदुरबार में राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने देश के बड़े 22 उद्योगपतियों का 16 लाख करोड रुपए का कर्ज माफ कर दिया है। भाजपा ने सभी जंगल अरबपतियों को दे दिए हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने आदिवासियों को जंगलों से वंचित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आपको वनवासी कहती है लेकिन हम आपको आदिवासी कहेंगे। मैं नंदुरबार के आदिवासी लोगों से कहना चाहता हूं कि आदिवासी ही इस देश के असली मालिक हैं। गौरतलब है कि लगभग 14 साल बाद गांधी परिवार का कोई सदस्य नंदुरबार पहुंचा है। साल 2010 में सोनिया गांधी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ आधार कार्ड की शुरुआत नंदुरबार से ही की थी।

नंदुरबार पहुंचे राहुल गांधी ने सबसे पहले आदिवासियों के होली पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश में 8 प्रतिशत आदिवासी हैं लेकिन सरकार में इन लोगों की कोई भागीदारी नहीं है। राहुल ने कहा कि आदिवासी शब्द के साथ जमीन, जंगल और पानी का अधिकार जोड़ा गया है। जबकि वनवासी शब्द का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए भाजपा आपको वनवासी कहती है। राहुल ने कहा कि भारत का आधार कार्ड, जो आज देश के हर नागरिक की पहचान बन गया है, उसे यहां से इसलिए शुरू किया गया था। क्योंकि हम संदेश देना चाहते थे कि इस देश का आदिवासी ही देश का असली मालिक है। धीरे-धीरे भाजपा जंगल को उजाड़ रही है और उस जंगल को अरबपतियों को दे रही है।

नंदुरबार का क्या है महत्व?

साल 1967 के बाद से 2014 और 2019 को छोड़कर कांग्रेस ने नंदुरबार से लोकसभा चुनाव में हर बार जीत हासिल की है। हालांकि साल 2014 में कांग्रेस के हाथ से नंदुरबार की सीट निकल गई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के दिवंगत नेता माणिकराव गावित ने साल 1981 से 2009 तक रिकॉर्ड नौ बार इस सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि 2014 में माणिकराव को भाजपा की डॉ हिना गावित से हार मिली थी। इसके बाद 2019 में यह सीट भाजपा के खाते में चली गई।

Created On :   12 March 2024 1:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story