Mumbai News: ठाकरे बंधुओं की नजदीकी के बाद अब राज ठाकरे और संजय राऊत एक मंच पर होंगे

ठाकरे बंधुओं की नजदीकी के बाद अब राज ठाकरे और संजय राऊत एक मंच पर होंगे
  • शेकाप के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में होंगे शामिल
  • राज ठाकरे और संजय राऊत एक मंच पर होंगे

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच हाल ही में बढ़ती नजदीकियों के बाद अब राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं प्रवक्ता संजय राऊत शनिवार को एक ही मंच पर दिखाई देंगे। यह मौका होगा शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के स्थापना दिवस समारोह का, जो राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। यह कार्यक्रम आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष को महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया संदेश दे सकता है। यह कार्यक्रम पनवेल में होगा।

राज और राऊत दोनों नेताओं द्वारा मंच साझा करने से यह संकेत भी मिल रहा है कि भविष्य में महाराष्ट्र में विपक्षी दलों खास तौर पर उद्धव गुट और मनसे के बीच तालमेल और मजबूत हो सकता है। आगामी स्थानीय चुनाव में अगर दोनों ठाकरे बंधुओं के साथ पूर्व विधायक जयंत पाटील की पार्टी शेकाप साथ में आ जाती है तो सत्ता पक्ष के दलों खलबली मच सकती है। ऐसा माना जाता है कि शेकाप की किसान और मजदूर राजनीति में गहरी पैठ रही है। ऐसे में उनका यह कार्यक्रम सिर्फ एक सांस्कृतिक या परंपरागत आयोजन नहीं, बल्कि संभावित राजनीतिक मंच के रूप में भी देखा जा रहा है। हाल के वर्षों में राजनीतिक रुख बदलने वाले राज ठाकरे ने अभी तक उद्धव गुट के साथ आगामी स्थानीय चुनाव लड़ने को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। लेकिन पहले उद्धव ठाकरे से दो बार मुलाकात और उसके बाद अब संजय राऊत के साथ कार्यक्रम में शामिल की खबर ने दोनों ही दलों के बीच पिछले कई वर्षों से जमी बर्फ को पिघलाने का काम किया है। गौरतलब है कि राज और उद्धव ठाकरे को मिलाने मंल संजय राऊत ने ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Created On :   1 Aug 2025 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story