बड़ी जिम्मेदारी: भाजपा अध्यक्ष का आशीष अग्रवाल पर बढ़ा भरोसा, अब भाजपा राष्ट्रीय मीडिया विभाग के बने संयोजक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. भाजपा ने मध्य प्रदेश से आने वाले आशीष ऊषा अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य की राजनीति से निकल केंद्रीय राजनीति में नई पारी शुरु करने के तकरीबन सवा महीने बाद ही अग्रवाल को भाजपा मीडिया विभाग का संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अग्रवाल पर भरोसा जताते हुए उनको अनिल बलूनी की जगह यह नया दायित्व सौंपा है। इसके साथ ही भाजपा राष्ट्रीय मीडिया विभाग की पूरी कमान अब अग्रवाल के हाथ आ गई है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया विभाग का संयोजक नियुक्त करने के साथ ही अनिल बलूनी को भाजपा संचार विभाग का समन्वयक नियुक्त किया है। बलूनी मीडिया विभाग और आईटी सेल को एकीकृत कर बने संचार विभाग की कमान संभालेंगे। भाजपा महासचिव व मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा की गई इन नियुक्तियों की जानकारी दी।
यह भी पढ़े -किसान भाई कृषि की नई तकनीक, फसल विविधीकरण और खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों को अपनाएं- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष ने आशीष अग्रवाल को 17 अगस्त को मीडिया विभाग का सह-संयोजक नियुक्त किया था। अग्रवाल के साथ सिद्धार्थ यादव और प्रदीप भंडारी को भी सह-संयोजक नियुक्त किया था। अनिल बलूनी को मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया था। लेकिन अग्रवाल को केंद्रीय राजनीति में सवा माह की अवधि में ही दूसरी बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में अहम दायित्व संभाल चुके हैं। वह भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी रह चुके हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अग्रवाल ने सोशल मीडिया फेसबुक पोस्ट कर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संचार विभाग के नवनियुक्त समन्वयक अनिल बलूनी के प्रति आभार व्यक्त किया है। अग्रवाल ने कहा कि वह इस दायित्व का पूर्ण निष्ठा समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करते हुए संगठन के विचारों, नीतियों एवं सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढ़ंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
Created On :   23 Sept 2026 8:04 PM IST












